
रतलाम ( ivnews ) शहर के दीनदयाल नगर (डीडी नगर) थाने में शुक्रवार रात को हुए हंगामे का एक वीडियो शनिवार रात को सोशियल मिडिया मे जमकर वायरल हो रहा है.
वायरल हो रहे इस वीडियो मे दो सगी बहने कथित तौर पर खुद पर डीजल डालते हुए पुलिस पर उनकी सुनवाई नहीं करने का आरोप लगा रही है. वीडियो मे घटना के दौरान पुलिसकर्मियों और युवतियों के बीच छीना-झपटी होते हुए भी दिखाई दे रहा है.
बताया जा रहा है हंगामे के दौरान युवातियों से हुई छिना झपटी मे थाना प्रभारी और एक अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, मुस्कान टांक और उसकी बहन का अपने पड़ोसियों से विवाद चल रहा है। मुस्कान का आरोप है कि पड़ोसी लंबे समय से उन्हें परेशान कर रहे हैं, घर के सामने बीयर की बोतलें फेंकते हैं और मारपीट करते हैं।
मुस्कान ने 8 अक्टूबर को निकिता टांक, प्रियांशु टांक, कृष्णा टांक और कालाबाई टांक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उसकी बहन के साथ थप्पड़ मारने की घटना का आरोप लगाया गया था।
शुक्रवार को मुस्कान दोबारा शिकायत लेकर थाने पहुंची। इस दौरान पुलिस ने दूसरे पक्ष की शिकायत पर मनोज टांक, राजू टांक, आशु टांक, प्रियांशु टांक और यश टांक के खिलाफ भी क्रॉस FIR दर्ज की। इसके बाद थाने में विवाद बढ़ने की बात सामने आई है।
डीजल की केन और माचिस को लेकर हुई छीना-झपटी……
बताया जा रहा है कि थाने में मौजूदगी के दौरान दोनों बहनों ने खुद पर डीजल डाल लिया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोकने और उनके हाथ से डीजल की केन व माचिस लेने का प्रयास किया। इसी दौरान पुलिसकर्मियों और युवतियों के बीच झूमाझटकी हुई।
इस घटनाक्रम में थाना प्रभारी अनुराग यादव के गले में चोट लग गई, जबकि एक अन्य पुलिसकर्मी भी गिरकर घायल हो गया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में थाने के भीतर हुए हंगामे एक युवक की मौजूदगी को लेकर भी चर्चा हो रही है।
वीडियो में कथित तौर पर एक युवक युवतियों को माचिस निकालने के लिए कहते हुए सुनाई देता है। हालांकि, युवक की भूमिका, घटनाक्रम में उसकी कथित संलिप्तता और इसके पीछे किसी दबाव की मंशा को लेकर अभी कोई निष्कर्ष सामने नहीं आया है। इन पहलुओं की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.
मामले में दूसरे पक्ष की निकिता टांक ने भी काउंटर शिकायत दर्ज कराई थी। उसका आरोप है कि मुस्कान और उसके भाई सावन ने गैलरी में खड़े प्रियांशु टांक के साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी।
डीडी नगर थाना प्रभारी अनुराग यादव ने बताया की दोनों पक्षों की शिकायतों पर क्रॉस FIR दर्ज की जा चुकी थी और समझाइश के लिए उन्हें थाने बुलाया गया था। उन्होंने सुनवाई नहीं होने के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि पुलिस पर अनुचित दबाव बनाने के लिए यह कदम उठाया गया।
वहीं, एडिशनल एसपी राकेश कुमार पांद्रो ने बताया कि दोनों पक्षों के आवेदनों के आधार पर पुलिस पहले ही प्रकरण दर्ज कर चुकी थी। थाने के बाहर और भीतर हुए घटनाक्रम के वायरल वीडियो सहित अन्य तथ्यों की बारीकी से जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस की जांच में यह स्पष्ट होना बाकी है कि थाने में हंगामे की परिस्थितियां क्या थीं और घटनाक्रम में मौजूद अन्य लोगों की क्या भूमिका रही।
