प्रतीकात्मक फोटो


रतलाम (IV News)। घर में विश्वास के साथ झाड़ू-पोछा करने आने वाली महिला ही चोरी की वारदात को अंजाम दे गई। प्रतापनगर में एक बुजुर्ग के घर की अलमारी से सोने-चांदी के आभूषण और नकदी गायब होने के मामले में पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर चोरी का खुलासा कर दिया। चोरी के संदेह में घर में काम करने वाली 32 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 3 लाख 50 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।
अलमारी का लॉकर खुला मिला, जेवर और नकदी गायब
मामला प्रतापनगर स्थित मकान नंबर 170 का है। फरियादी राजेन्द्र वाघ (63) ऑटो पार्ट्स की दुकान संचालित करते हैं और घर पर अकेले रहते हैं। उनके घर की अलमारी में सोने का ब्रेसलेट, चांदी के सिक्के, चांदी की चेन और 7 हजार रुपये नकद रखे हुए थे।
23 नवंबर को दोपहर करीब 3:15 बजे राजेन्द्र वाघ घर से दुकान गए थे। शाम करीब 7:30 बजे जब वापस लौटे तो अलमारी का लॉकर खुला मिला। अंदर रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी गायब थे। घर में चोरी की जानकारी मिलते ही उन्होंने थाना स्टेशन रोड पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
तीन महीने से घर में कर रही थी काम
फरियादी को अपने घर में पिछले तीन महीनों से झाड़ू-पोछा करने वाली महिला सोना उर्फ सोनम पर संदेह हुआ। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। इसके बाद संदेही महिला सोनम पति शकील पठान (32), निवासी प्रतापनगर, आरा मशीन के पीछे, रतलाम से पूछताछ की गई।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में महिला ने चोरी करना स्वीकार किया। उसने बताया कि घर में काम करने के दौरान अलमारी से सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर अपने घर में छिपाकर रख दिए थे।
निशानदेही पर साढ़े तीन लाख के जेवर बरामद
आरोपी महिला की निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर से चोरी किए गए आभूषण बरामद कर जब्त किए।

बरामद सामग्री —
एक सोने का ब्रेसलेट, वजन करीब 15 ग्राम।
एक सोने का सिक्का, वजन करीब 10 ग्राम।
एक चांदी की चेन, वजन करीब 50 ग्राम।
चांदी के तीन सिक्के, वजन करीब 30 ग्राम।
बरामद सोने-चांदी के आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राकेश पंद्रो एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) विवेक कुमार लाल के निर्देशन तथा नगर पुलिस अधीक्षक सत्येन्द्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में थाना स्टेशन रोड पुलिस ने कार्रवाई की।
थाना प्रभारी निरीक्षक मुनेन्द्र गौतम के नेतृत्व में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंचकर चोरी का खुलासा किया।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मुनेन्द्र गौतम, उपनिरीक्षक यूनुस खान, प्रधान आरक्षक ममता हाड़ा, जितेन्द्र सिंह बघेल, आरक्षक विजय वसुनिया, मकन सिंह एवं नरेन्द्र परमार की सराहनीय भूमिका रही।

By V meena

You missed

error: Content is protected !!