
मंदसौर/सीतामऊ (ivnews ) सरकारी निर्माण कार्यों में लापरवाही की एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की गुणवत्ता और जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मंदसौर जिले के सीतामऊ में 19 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से आधुनिक सिविल अस्पताल की आलीशान इमारत तो खड़ी कर दी गई, लेकिन इसकी योजना बनाने वाले जिम्मेदार इंजीनियर कुछ बेहद जरूरी व्यवस्थाओं का ध्यान रखना ही भूल गए!
हैरानी की बात यह है कि 34 कमरों वाले इस अस्पताल में आधुनिक सुविधाओं और आकर्षक बेड की व्यवस्था तो नजर आती है, लेकिन पोस्टमार्टम (पीएम) रूम जैसी महत्वपूर्ण सुविधा ही नहीं बनाई गई। अस्पताल तक पहुंचने के लिए सड़क की व्यवस्था अधूरी है। गंदे पानी की निकासी के लिए ड्रेनेज लाइन भी कनेक्ट नहीं हुई है। इतना ही नहीं, अस्पताल की बाउंड्रीवॉल का काम भी पूरा नहीं हुआ है।
अब सवाल यह है कि जब अस्पताल की ड्राइंग और निर्माण की योजना तैयार की जा रही थी, तब इन बुनियादी जरूरतों को आखिर क्यों नजरअंदाज कर दिया गया? क्या करोड़ों रुपये की लागत से बने अस्पताल में इन सुविधाओं की आवश्यकता का किसी को ध्यान नहीं आया?
एक साल पहले भी टल चुका है लोकार्पण
इस अस्पताल की कहानी में सबसे दिलचस्प पहलू यह है कि लोकार्पण की तैयारी पहले भी हो चुकी है। अस्पताल का उद्घाटन 6 नवंबर 2025 को प्रस्तावित था, लेकिन उस समय मीडिया ने भवन में मौजूद खामियों और अधूरी व्यवस्थाओं को प्रमुखता से उजागर किया था। इसके बाद लोकार्पण कार्यक्रम निरस्त करना पड़ा था।
उस समय उम्मीद जताई गई थी कि अतिरिक्त समय मिलने के बाद अस्पताल की सभी कमियों को दूर कर लिया जाएगा और इसे पूरी तरह तैयार करके जनता को समर्पित किया जाएगा। लेकिन करीब एक साल बीतने के बाद भी कई जरूरी व्यवस्थाएं अधूरी बताई जा रही हैं। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर इस दौरान जिम्मेदारों ने क्या तैयारी की?
कल फिर सजेगा लोकार्पण का मंच, वर्चुअली जुड़ेंगे मुख्यमंत्री
अब 25 नवंबर को एक बार फिर अस्पताल के लोकार्पण की तैयारियां की जा रही हैं। जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अन्य अतिथि वर्चुअल माध्यम से शामिल होंगे। एक ओर लोकार्पण की तैयारियां चल रही हैं, वहीं दूसरी ओर अस्पताल की अधूरी व्यवस्थाएं चर्चा का विषय बनी हुई हैं।
19 करोड़ खर्च, फिर भी बुनियादी सुविधाओं पर सवाल
सरकार लगातार आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात करती है। ऐसे में सीतामऊ का यह अस्पताल सरकारी दावों और जमीनी हकीकत के बीच अंतर को उजागर करता नजर आ रहा है। पोस्टमार्टम रूम, अस्पताल तक पहुंचने का मार्ग, ड्रेनेज लाइन और बाउंड्रीवॉल जैसी आवश्यक व्यवस्थाओं का अधूरा रहना निर्माण एजेंसी, इंजीनियरों और संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी पर सवाल खड़े करता है।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं कि जब पिछले साल लोकार्पण टल गया था, तब भी इन कमियों को दूर क्यों नहीं किया गया?
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या 25 नवंबर को लोकार्पण से पहले सभी अधूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएंगी या फिर सीतामऊ की जनता को 19 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाला अस्पताल अधूरी सुविधाओं के साथ ही सौंप दिया जाएगा? करोड़ों की इमारत का लोकार्पण तो हो सकता है, लेकिन असली परीक्षा तब होगी जब अस्पताल मरीजों को सभी जरूरी सुविधाएं देने के लिए पूरी तरह तैयार होगा।
