रतलाम/जावरा। ( ivnews )जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जावरा औद्योगिक क्षेत्र पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने उज्जैन बायपास पर कार्रवाई करते हुए एक मारुति ईको कार से 360 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया है। मामले में मंदसौर जिले के एक 24 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया गया है। जब्त डोडाचूरा की कीमत करीब 7 लाख 20 हजार रुपए बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार एवं नगर पुलिस अधीक्षक जावरा युवराजसिंह चौहान के मार्गदर्शन में थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा प्रभारी निरीक्षक सुमित मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम को कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।
23 नवंबर 2026 को चौकी प्रभारी हुसैन टेकरी उपनिरीक्षक रघुवीर जोशी को साथियों के साथ उज्जैन बायपास स्थित हजरत निजामुद्दीन ओलिया की दरगाह के सामने कार्रवाई के दौरान एक संदिग्ध सिल्वर रंग की मारुति सुजुकी ईको कार क्रमांक MP 04 CY 2693 की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार में रखे 18 प्लास्टिक के कट्टों से कुल 3 क्विंटल 60 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ।
पुलिस ने मौके से आरोपी जुझार पिता भेरूलाल खराड़ी (24), निवासी ग्राम पिपलखेड़ी, थाना भावगढ़, जिला मंदसौर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा में धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है।
15.20 लाख का मश्रुका जब्त
पुलिस ने कार्रवाई में 7 लाख 20 हजार रुपए कीमत का 360 किलो डोडाचूरा और करीब 8 लाख रुपए कीमत की मारुति ईको कार जब्त की है। इस तरह कुल 15 लाख 20 हजार रुपए का मश्रुका बरामद किया गया है।
तस्करी के नेटवर्क की तलाश में पूछताछ
गिरफ्तार आरोपी से पुलिस मादक पदार्थ के स्रोत और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि डोडाचूरा कहां से लाया गया था और इसकी आपूर्ति कहां की जानी थी।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सुमित मिश्रा, उपनिरीक्षक रघुवीर जोशी, सहायक उपनिरीक्षक छगनलाल हाड़ा, प्रधान आरक्षक वीरेंद्र सिंह, बद्रीलाल चौधरी, सोहन भवेल तथा आरक्षक योगेंद्र, गोविंद पंवार, चेतन राठौर, शादाब बेग और योगेश राठौर की सराहनीय भूमिका रही।

By V meena

You missed

error: Content is protected !!