रतलाम (ivnews ) रतलाम में खेल प्रतिभाओं को मंच देने और बच्चों में खेलों के प्रति उत्साह बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले 27वें खेल चेतना मेले की तैयारियां तेज हो गई हैं। क्रीड़ा भारती एवं चेतन्य काश्यप फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में 16 से 18 दिसंबर तक तीन दिवसीय खेल महाकुंभ आयोजित किया जाएगा। आयोजन को भव्य एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए आयोजन समिति, खेल सलाहकारों, संयोजकों, सह-संयोजकों और खेल प्रशिक्षकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई।
बैठक में खेल चेतना मेले की तैयारियों, विभिन्न खेल स्पर्धाओं के आयोजन, मैदानों की व्यवस्था और शुभारंभ अवसर पर निकलने वाली खेल जागृति रैली सहित अनेक विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस वर्ष भी फाउंडेशन अध्यक्ष एवं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य काश्यप के नेतृत्व में खेल चेतना मेले का आयोजन किया जा रहा है।
बालिका क्रिकेट प्रतियोगिता टेनिस बॉल से होगी आयोजित
इस वर्ष खेल चेतना मेले में बालिका क्रिकेट प्रतियोगिता टेनिस बॉल से आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही विद्यार्थियों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विशेष पहल भी की गई है। जिस विद्यालय के सर्वाधिक खिलाड़ी खेल चेतना मेले की विभिन्न स्पर्धाओं में भाग लेंगे, उस विद्यालय को विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
तीन प्रमुख मैदानों पर होंगी खेल स्पर्धाएं
आयोजन समिति के सचिव मुकेश जैन ने बताया कि खेल चेतना मेले की विभिन्न प्रतियोगिताएं नेहरू स्टेडियम, रेलवे मैदान एवं ऑफिसर्स क्लब सहित निर्धारित खेल मैदानों पर आयोजित होंगी। मेले का शुभारंभ कॉलेज ग्राउंड से निकलने वाली खेल जागृति रैली के साथ होगा। यह रैली शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए नेहरू स्टेडियम पहुंचेगी।
अधिक से अधिक बच्चों की भागीदारी का आह्वान
मुकेश जैन ने अभिभावकों, स्कूल संचालकों एवं प्राचार्यों से अपील की कि वे बच्चों को खेल चेतना मेले में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं हैं, बल्कि बच्चों के मानसिक विकास, अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना को भी मजबूत करते हैं। इसलिए अधिक से अधिक बच्चों को खेल मैदान तक लाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए।
बैठक में सभी खेल मैदानों पर समय पूर्व आवश्यक व्यवस्थाएं एवं तैयारियां पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि प्रतियोगिताओं का संचालन व्यवस्थित रूप से किया जा सके।
ये रहे उपस्थित
बैठक में क्रीड़ा भारती जिलाध्यक्ष डॉ. गोपाल मजावदिया, सचिव अनुज शर्मा, प्रकाश व्यास, राकेश शर्मा, संजय वशिष्ठ, गुलाम मोहम्मद, जगदीश श्रीवास्तव, मनीष जोशी, रितेश वोहरा, उमंग पोरवाल, अमरीक राणा, भूषण व्यास, जितेंद्र धुलिया, दीपेन्द्र सिंह ठाकुर, प्रद्युम्न मजावदिया, पवन सिंदल सहित आयोजन से जुड़े पदाधिकारी एवं खेल प्रशिक्षक उपस्थित रहे।

By V meena

You missed

error: Content is protected !!