रतलाम / जावरा ( ivnews ) एक तरफ बेटी की नई जिंदगी की शुरुआत और दूसरी तरफ मायके में उसकी मौत की रस्म…. रतलाम के जावरा में प्रेम विवाह से नाराज पिता ने अपनी ही जीवित बेटी की गोरनी ( तेरवी ) कर दी…..200 से ज्यादा लोग बने इस आयोजन के गवाह….. आखिर ऐसा क्या हुआ कि पिता ने बेटी से सारे रिश्ते खत्म करने का ऐलान कर दिया…… जावरा मे यह पूरा मामला चर्चा का विषय बना हुआ है…..

यह पूरा मामला मोना प्रजापत और दीपक धाकड़ के प्रेम विवाह से जुड़ा है। जानकारी के अनुसार, आगामी 3 दिसंबर को मोना की शादी परिवार की सहमति से तय थी। घर में विवाह की तैयारियां चल रही थीं। परिवार शादी की खुशियों की तैयारी में जुटा था, लेकिन इससे पहले ही मोना ने अपने प्रेमी दीपक धाकड़ के साथ घर से जाकर प्रेम विवाह कर लिया। बेटी के इस फैसले से पिता गोपाल प्रजापत नाराज हो गए।


बेटी को मृत मानकर कर दिया गोरनी ( तेरवी ) का आयोजन…….
बेटी के प्रेम विवाह से आहत पिता गोपाल प्रजापत ने सामाजिक स्तर पर एक बड़ा आयोजन किया। इसमें पंडित की मौजूदगी में पूजा-पाठ और धार्मिक विधियां संपन्न कराई गईं। परिवार ने मोना को मृत मानते हुए उसकी आत्मा की शांति के लिए गोरनी ( तेरवी ) की रस्म निभाई। हैरानी की बात यह रही कि इस आयोजन में 200 से 250 लोगों की मौजूदगी रही। समाज के लोगों के सामने परिवार ने बेटी से अपने रिश्ते खत्म करने का संदेश भी दिया…..

स्टांप पेपर पर लिखकर तोड़ा बेटी से रिश्ता…..

पिता ने केवल धार्मिक रस्मों तक ही खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि स्टांप पेपर पर लिखित एग्रीमेंट तैयार कर मोना प्रजापत और उसके पति दीपक धाकड़ से हमेशा के लिए सभी पारिवारिक रिश्ते खत्म करने की घोषणा भी कर दी।
पिता गोपाल प्रजापत का कहना है कि इस आयोजन के माध्यम से वे समाज और युवाओं को संदेश देना चाहते हैं कि बच्चों को अपने माता-पिता की भावनाओं, संस्कारों और आदर्शों का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अब वे अपनी बेटी को मृत मान चुके हैं।


भाई ने भी बहन के खिलाफ निभाई रस्म
इस पूरे घटनाक्रम में मोना के भाई ने भी पिता के साथ अपनी नाराजगी जाहिर की और गोरनी की रस्म में हिस्सा लिया। परिवार के अन्य सदस्यों के साथ समाज और आसपास के लोग भी आयोजन में शामिल हुए। जीवित बेटी के लिए इस तरह मृत्यु के बाद होने वाली रस्में निभाए जाने का मामला अब क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है….

पंडित बोले- सामान्य तौर पर जीवित व्यक्ति की नहीं होती गोरनी ( तेरवी ) ……

गोरनी की पूजा संपन्न कराने वाले पंडित प्रदीप व्यास ने बताया कि सामान्य तौर पर जीवित व्यक्ति के लिए इस तरह की गोरनी की रस्म नहीं होती। हालांकि, इस आयोजन के माध्यम से समाज और आने वाली पीढ़ी को माता-पिता की भावनाओं तथा परिवार के प्रति जिम्मेदारियों का संदेश देने का प्रयास किया गया है..

प्रेम विवाह से शुरू हुआ विवाद, अब रिश्तों पर सवाल…….
एक तरफ मोना ने अपनी पसंद से जीवनसाथी चुनकर प्रेम विवाह किया, तो दूसरी तरफ पिता ने बेटी को जीवित रहते हुए मृत मानकर सामाजिक रस्में निभा दीं। इस घटनाक्रम ने परिवार, सामाजिक परंपराओं और बच्चों के विवाह संबंधी फैसलों में माता-पिता की सहमति जैसे मुद्दों पर बहस छेड़ दी है।
फिलहाल जावरा में यह मामला चर्चा का केंद्र बना हुआ है। पिता और परिवार के इस कदम ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं कि आखिर प्रेम विवाह के फैसले पर नाराजगी किस हद तक पहुंच सकती है।

By V meena

You missed

error: Content is protected !!