
रतलाम ( ivnews ) शहर के बहुचर्चित जावरा फाटक हत्याकांड में करीब छह साल बाद अदालत ने अहम फैसला सुनाया है। वर्ष 2020 में दिनदहाड़े रिक्शा स्टैंड चौराहे पर मोहम्मद युनुस खान की खंजर से हत्या करने के मामले में सप्तम अपर सत्र न्यायाधीश राजेश नामदेव की अदालत ने मुख्य आरोपी साहिल पिता सत्तार खान (27), निवासी सम्यक गोल्ड कॉलोनी, डी-मार्ट रोड, रतलाम को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास और जुर्माने की सजा सुनाई है। आरोपी ने अदालत में आत्मरक्षा में हमला करने की दलील दी थी, लेकिन न्यायालय ने साक्ष्यों के आधार पर इसे स्वीकार नहीं किया। सजा सुनाए जाने के बाद साहिल को वापस जेल भेज दिया गया।
पुरानी रंजिश में सीने पर किया था खंजर से वार
अपर लोक अभियोजक एवं शासकीय अधिवक्ता समरथ पाटीदार ने बताया कि मृतक मोहम्मद युनुस खान निवासी हाट की चौकी और आरोपी साहिल आपस में परिचित और रिश्तेदार थे। दोनों के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही थी। इसी रंजिश के चलते 21 सितंबर 2020 को सुबह करीब 11:30 से 11:45 बजे के बीच जावरा फाटक रोड स्थित रिक्शा स्टैंड चौराहे पर दोनों के बीच विवाद हो गया।
विवाद के दौरान साहिल ने अपने पास रखे धारदार लोहे के खंजर से युनुस के सीने के बाएं हिस्से में जानलेवा वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल युनुस को उसका भाई आरिफ और दोस्त दिलशाद अली ऑटो से जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि खंजर का वार इतना गहरा था कि उससे छाती और हृदय की झिल्ली क्षतिग्रस्त हो गई थी। गंभीर चोट और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण युनुस की मौत हुई थी।
गुमटी के नीचे छिपाया था खून लगा खंजर
घटना के बाद मृतक के भाई आरिफ खान की रिपोर्ट पर स्टेशन रोड थाने में हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया था। तत्कालीन थाना प्रभारी किशोर पाटनवाला ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने मुख्य आरोपी साहिल को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर घटनास्थल के पास एक गुमटी के नीचे छिपाकर रखा गया खून लगा धारदार खंजर बरामद किया गया।
मामले में एफएसएल जांच भी अहम साबित हुई। जांच में प्रमाणित हुआ कि मृतक की शर्ट और बनियान पर मिले कट के निशान आरोपी से जब्त खंजर से ही हुए थे। अभियोजन पक्ष की ओर से न्यायालय में कुल 21 साक्षियों के बयान कराए गए। इन साक्ष्यों ने मामले में आरोपी की भूमिका साबित करने में महत्वपूर्ण आधार प्रदान किया।
आत्मरक्षा की दलील पर अदालत ने उठाए सवाल
सुनवाई के दौरान आरोपी साहिल की ओर से बचाव में कहा गया कि विवाद की शुरुआत मृतक युनुस ने की थी और उसने आत्मरक्षा में हमला किया था। हालांकि, न्यायालय ने इस दलील को स्वीकार नहीं किया। अदालत ने पाया कि आरोपी को आई चोटें साधारण प्रकृति की थीं, जबकि मृतक के हृदय की ओर सीधा और गहरा घातक वार किया गया था। ऐसे में घटना को आत्मरक्षा या अचानक हुए आवेश का परिणाम नहीं माना जा सकता।
घायल होना और आठ घंटे बाद रिपोर्ट लिखवाना भी नहीं आया काम
आरोपी साहिल ने अपने बचाव में यह भी बताया था कि घटना में वह स्वयं घायल हुआ था, जिला चिकित्सालय में भर्ती हुआ और उसने पुलिस थाने में अपनी रिपोर्ट भी दर्ज करवाई थी। लेकिन न्यायालय ने इस पहलू का भी बारीकी से परीक्षण किया।
अदालत ने पाया कि अस्पताल में भर्ती होने का निश्चित समय प्रमाणित नहीं हुआ। इसके अलावा साहिल की ओर से घटना के करीब आठ घंटे बाद रिपोर्ट दर्ज करवाई गई थी। रिपोर्ट दर्ज कराने में हुई देरी का कोई विश्वसनीय और संतोषजनक कारण भी सामने नहीं आया। न्यायालय ने इन परिस्थितियों को महत्वपूर्ण मानते हुए आरोपी की आत्मरक्षा वाली दलील को खारिज कर दिया।
सीसीटीवी और मोबाइल लोकेशन से दो भाइयों को मिली राहत
इस मामले में साहिल के दो भाइयों सिराज खान और एजाज उर्फ एजु को भी आरोपी बनाया गया था। हालांकि, पुलिस जांच के दौरान सामने आए सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल टावर लोकेशन से पता चला कि घटना के समय एजाज उज्जैन में था, जबकि सिराज रतलाम में घटनास्थल से अलग स्थान पर मौजूद था। इन साक्ष्यों के आधार पर न्यायालय ने दोनों को दोषमुक्त कर दिया।
जुलाई 2025 में मिली थी जमानत
मुख्य आरोपी साहिल को जुलाई 2025 में जमानत मिली थी। अब न्यायालय से आजीवन कारावास की सजा सुनाए जाने के बाद उसे दोबारा जेल भेज दिया गया है। वर्ष 2020 में हुए इस चर्चित हत्याकांड में अदालत के फैसले के साथ ही मुख्य आरोपी को उसके किए की सजा मिल गई है।
