रतलाम/आलोट ( ivnews ) लीज पर दिया गया ट्रैक्टर वापस नहीं मिलने और किराये की राशि का भुगतान नहीं होने से परेशान एक किसान ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है। किसान का आरोप है कि ट्रैक्टर लेने वाले व्यक्ति ने न तो तय किराया दिया और न ही ट्रैक्टर वापस लौटाया। मामले में थाना आलोट में शिकायत करने के बाद पुलिस ने ट्रैक्टर बरामद तो कर लिया, लेकिन संबंधित व्यक्ति के खिलाफ अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई और ट्रैक्टर भी उसे सुपुर्द नहीं किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम अरवलिया भामा, तहसील आलोट निवासी मेहरबानसिंह पिता अमरसिंह ने पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में बताया कि उनका महिंद्रा 475 मॉडल 2019 का लाल रंग का ट्रैक्टर (क्रमांक MP43AC4266) उन्होंने 25 नवंबर 2025 को आलोट निवासी दिनेश पिता मुलचंद को लीज पर दिया था। इसके लिए दोनों के बीच मौखिक रूप से 15 हजार रुपये प्रतिमाह किराया देने की सहमति बनी थी।
शिकायतकर्ता के अनुसार ट्रैक्टर लेने के बाद संबंधित व्यक्ति ने लीज की राशि का भुगतान नहीं किया। जब भी उन्होंने पैसे मांगे तो अगले महीने देने का आश्वासन देकर टालता रहा। कई बार घर जाकर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन न तो संतोषजनक जवाब मिला और न ही किराये की राशि का भुगतान किया गया। बाद में उसने फोन उठाना भी बंद कर दिया।
ट्रैक्टर के दुरुपयोग और बेचने की जताई आशंका
मेहरबानसिंह ने आवेदन में आशंका जताई है कि संबंधित व्यक्ति उनका ट्रैक्टर किसी अन्य व्यक्ति को बेच सकता है या गिरवी रख सकता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ट्रैक्टर वापस मांगने जाने पर संबंधित व्यक्ति के परिजनों ने उनके साथ अभद्रता और गाली-गलौज की।
पुलिस ने बरामद किया ट्रैक्टर, लेकिन नहीं मिला सुपुर्द
शिकायतकर्ता का कहना है कि उन्होंने 1 नवंबर 2026 को थाना आलोट में आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने 7 नवंबर को ट्रैक्टर बरामद कर लिया, लेकिन संबंधित व्यक्ति को छोड़ दिया गया। उनका आरोप है कि अब तक उसके विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं की गई है और बरामद ट्रैक्टर भी उन्हें वापस नहीं सौंपा गया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ट्रैक्टर काफी क्षतिग्रस्त हालत में मिला है।
एसपी से निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग
शिकायतकर्ता ने 19 नवंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, ट्रैक्टर को उन्हें सुपुर्द करने तथा संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए राजनीतिक दबाव एवं प्रभाव में कार्रवाई नहीं किए जाने का आरोप भी लगाया है।
अब देखना होगा कि पुलिस अधीक्षक इस शिकायत पर क्या संज्ञान लेते हैं और पीड़ित किसान को उसका ट्रैक्टर वापस दिलाने के साथ मामले में आगे क्या कार्रवाई की जाती है।

By V meena

You missed

error: Content is protected !!