रतलाम/आलोट। अतिक्रमण हटाने का नोटिस जारी करने की नाराजगी ऐसी बढ़ी कि मामला सार्वजनिक कार्यक्रम में मारपीट तक पहुंच गया। ताल नगर परिषद अध्यक्ष मुकेश परमार के साथ विक्रमगढ़ रेलवे फाटक पर आयोजित ओवरब्रिज के भूमिपूजन समारोह के बाद विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि अतिक्रमण हटाने के नोटिस से नाराज दो सगे भाइयों ने अध्यक्ष के साथ गाली-गलौज की और उनमें से एक ने चांटा मार दिया। दोनों पर जान से खत्म करने की धमकी देने का भी आरोप है। मामले में आलोट पुलिस ने दोनों भाइयों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना शनिवार 21 नवंबर को विक्रमगढ़ रेलवे फाटक क्रमांक 21 पर आयोजित ओवरब्रिज के भूमिपूजन समारोह के बाद की बताई जा रही है। करीब 21 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से बनने वाले ओवरब्रिज के भूमिपूजन कार्यक्रम में सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक चिंतामणि मालवीय, जिला भाजपा अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों और स्थानीय संगठन पदाधिकारियों को आमंत्रित किया गया था।


पांच दिन पहले जारी हुए थे अतिक्रमण हटाने के नोटिस
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार ताल नगर परिषद अध्यक्ष मुकेश परमार ने बताया कि सोमानी कॉलोनी में स्टेट बैंक के पीछे स्थित बगीचे की जमीन पर गोपाल पिता गोरधनलाल काला और उनके भाई मनोज पिता गोरधनलाल काला द्वारा अतिक्रमण किया गया है। इस अतिक्रमण को हटाने के लिए नगर परिषद की ओर से करीब पांच दिन पहले दोनों भाइयों को नोटिस जारी किए गए थे। इसी बात को लेकर दोनों नाराज थे।
भूमिपूजन कार्यक्रम खत्म होते ही अध्यक्ष से भिड़े दोनों भाई
फरियादी मुकेश परमार के अनुसार वे भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल होने आलोट आए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब वे ताल रवाना होने की तैयारी कर रहे थे, तभी गोपाल और मनोज काला वहां पहुंचे। आरोप है कि दोनों भाइयों ने अतिक्रमण हटाने के नोटिस जारी करने को लेकर विवाद शुरू कर दिया और अश्लील गाली-गलौज करने लगे।
शिकायत में बताया गया है कि इसी दौरान गोपाल काला ने मुकेश परमार को चांटा मार दिया। मौके पर मौजूद बाबूलाल पिता मांगीलाल धाकड़ निवासी करवाखेड़ी और मुकेश पिता कन्हैयालाल बलाई निवासी ताल ने बीच-बचाव किया। आरोप है कि दोनों भाइयों ने नगर परिषद से जारी नोटिस निरस्त करवाने का दबाव बनाते हुए ऐसा नहीं करने पर जान से खत्म करने की धमकी भी दी।
आलोट थाने में FIR, धाराओं में दर्ज हुआ मामला
घटना के बाद मुकेश परमार ने आलोट थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार घटना का समय दोपहर करीब 3 बजे और सूचना मिलने का समय शाम 4:20 बजे बताया गया है। आलोट पुलिस ने 21 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(बी), 115(2), 351(2) एवं 3(5) के तहत गोपाल काला और मनोज काला के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया है।फरियादी ने शिकायत में बताया कि मारपीट के दौरान उन्हें ऐसी चोट नहीं आई, जिसके लिए वे मेडिकल परीक्षण करवाना चाहते हों।
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से शुरू हुआ विवाद अब पुलिस तक पहुंचा
नगर परिषद की ओर से अतिक्रमण हटाने के लिए जारी नोटिस से शुरू हुआ विवाद अब मारपीट और धमकी के आरोपों के साथ पुलिस तक पहुंच गया है। सार्वजनिक कार्यक्रम के बाद हुई इस घटना ने क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना दिया है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस जांच में ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं और आरोपों की स्थिति स्पष्ट होगी।

By V meena

You missed

error: Content is protected !!