जावरा ( ivnews ) क्षेत्र में विद्युत विभाग की लापरवाही का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने एक युवक की करंट से हुई मौत के बाद नाराजगी जताई है। महू-नीमच हाईवे पर उमठ पलड़िया कब्रिस्तान के पास शनिवार को 27 वर्षीय युवक की बिजली के करंट की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। युवक बकरी चराने के लिए खेत पर गया था। इसी दौरान पेड़ पर चढ़कर रस्सी बांधते और पत्तियां तोड़ने का प्रयास करते समय वह 33 केवी बिजली लाइन की चपेट में आ गया।


मृतक की पहचान शाहरूख पिता सुलतान, निवासी उमठ पलड़िया के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि 33 केवी विद्युत लाइन पेड़ को छूते हुए गुजर रही थी। युवक पेड़ पर चढ़ा हुआ था, तभी अचानक करंट की चपेट में आ गया। हादसे के समय उसका भाई मोहम्मद खां भी मौके पर मौजूद था। उसने तत्काल फोन कर परिजनों और ग्रामीणों को सूचना दी।


सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण खेत पर पहुंचे। इसके बाद विद्युत लाइन बंद करवाने के लिए लाइनमैन श्याम और राहुल को फोन किया गया। लाइनमैन के मौके पर पहुंचने और बिजली सप्लाई बंद होने के बाद परिजनों एवं समाजजनों ने युवक को पेड़ से नीचे उतारा। घटना की सूचना 112 पर भी दी गई। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को सिविल अस्पताल जावरा ले जाया गया, जहां पुलिस द्वारा पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।


पेड़ों की छंटाई नहीं होने पर उठे सवाल
घटना के बाद ग्रामीणों ने विद्युत मंडल की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि यदि समय रहते बिजली लाइनों के आसपास पेड़ों की छंटाई कर दी जाती और लाइन का उचित रखरखाव किया जाता तो शायद यह हादसा टल सकता था। ग्रामीणों का आरोप है कि पेड़ों से टकराकर गुजर रही हाईटेंशन लाइन किसी बड़े हादसे को न्योता दे रही थी, लेकिन जिम्मेदारों ने इस ओर ध्यान नहीं दिया।


स्मार्ट मीटर लगाने में तेजी, मेंटेनेंस कब होगा?
युवक की मौत के बाद ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के रखरखाव कार्यों पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि स्मार्ट मीटर लगाने के काम में विभाग तेजी दिखा रहा है, लेकिन बिजली लाइनों के रखरखाव, झुके हुए खंभों को ठीक करने और पेड़ों की छंटाई जैसे जरूरी कार्यों पर कब गंभीरता दिखाई जाएगी?
एक परिवार ने अपना जवान बेटा खो दिया। अब ग्रामीणों की मांग है कि हादसे की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारी तय की जाए और क्षेत्र में पेड़ों से सटकर गुजर रही बिजली लाइनों का तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक सुधार किए जाएं, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को इस तरह का दुख न झेलना पड़े।

By V meena

You missed

error: Content is protected !!