रतलाम/बदनावर ( ivnews ) भारतीय संस्कृति, परंपराओं और लोक कलाओं के रंगों से सजी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, बच्चों की शानदार प्रतिभा और त्योहारों की जीवंत झलक… कुछ ऐसा ही नजारा काश्यप विद्यापीठ, बदनावर के 28वें वार्षिकोत्सव में देखने को मिला। शनिवार रात आयोजित वार्षिकोत्सव में विद्यार्थियों ने अपनी रंगारंग प्रस्तुतियों से भारतीय संस्कृति की विविधता को मंच पर साकार कर दिया। इस वर्ष समारोह की थीम ‘संस्कृति संगम’ रखी गई थी, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों की लोक परंपराओं, नृत्य और त्योहारों का अनूठा संगम देखने को मिला।
समारोह की मुख्य अतिथि महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया थीं, जबकि अध्यक्षता एमएसएमई मंत्री चेतन्य काश्यप ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ स्वागत गीत के साथ हुआ। अतिथियों का स्वागत राजीव गोरवाड़ा, नीता काश्यप, विपिन जैन एवं प्राचार्य नंदा व्यास ने किया। निर्णायक के रूप में उपस्थित मॉर्निंग स्टार स्कूल रतलाम के निदेशक कार्ल लुइस वार्ड और हिमालय इंटरनेशनल स्कूल रतलाम की प्राचार्य सोनल बाजपेयी भट्ट का भी स्वागत किया गया।
विद्यार्थी परिषद की ओर से स्कूल प्रेसिडेंट भवि गुगलिया, वाइस प्रेसिडेंट प्रियांशी पटेल, हेड गर्ल मिष्ठी संघवी एवं हेड बॉय देवव्रत राणावत ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। अतिथियों को स्मृति चिह्न सिद्धार्थ काश्यप, पूर्वी काश्यप, श्रवण काश्यप, अमी काश्यप एवं सारांश काश्यप ने भेंट किए।


माताजी तेजकुंवर बाई के जीवन पर दिखाई डॉक्यूमेंट्री
समारोह में स्वर्गीय माताजी तेजकुंवर बाई काश्यप के प्रेरणादायी जीवन, व्यक्तित्व और आदर्शों पर आधारित विशेष डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन किया गया। इसके माध्यम से उपस्थित लोगों को उनके जीवन मूल्यों और प्रेरणादायी विचारों से परिचित कराया गया। प्राचार्य नंदा व्यास ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत कर विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों और वर्षभर की गतिविधियों की जानकारी दी।
इसके बाद विद्यार्थियों ने नृत्य, गीत, नाटक और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। ‘देश रंगीला’, मध्यप्रदेश की आदिवासी संस्कृति पर आधारित ‘आदिवासी भाया’, गुजरात का ‘ढोलिडा’ और उत्तर प्रदेश का शास्त्रीय नृत्य ‘कथक’ आकर्षण का केंद्र रहे। वहीं रक्षाबंधन, दीपावली और होली पर आधारित प्रस्तुतियों ने त्योहारों के उल्लास, प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश दिया।


एआई के दौर में संस्कारों को बचाना बड़ी चुनौती : निर्मला भूरिया
मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री निर्मला भूरिया ने कहा कि नई पीढ़ी चाहे शहर में रह रही हो या गांव में, एआई के दौर में बच्चों तक संस्कार पहुंचाना और उन्हें सुरक्षित वातावरण देना बड़ी चुनौती बन गया है। काश्यप विद्यापीठ इस दिशा में सराहनीय प्रयास कर रहा है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध बढ़ रहे हैं। ऐसे में माता-पिता को बच्चों के प्रति अधिक जागरूक और सतर्क रहने की जरूरत है। कई बार तकनीक और बदलते परिवेश के सामने अभिभावक भी असहाय महसूस करने लगते हैं। पहले संयुक्त परिवारों में बच्चों की देखभाल और संस्कारों की जिम्मेदारी सामूहिक रूप से निभाई जाती थी, लेकिन अब एकल परिवारों में माता-पिता को बच्चों के व्यवहार, गतिविधियों और संगति पर विशेष ध्यान देना होगा।
भूरिया ने कहा कि काश्यप परिवार शुरू से ही संस्कारों को बढ़ावा देने के लिए कार्य करता रहा है। प्रदेश में मंत्री चेतन्य काश्यप उद्योगों के विकास के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। उनके फाउंडेशन द्वारा अहिंसा ग्राम की स्थापना, खेल चेतना मेला, प्रतिभा सम्मान और कुपोषण मुक्ति के लिए किए जा रहे प्रयास भी सराहनीय हैं।
बच्चों के भविष्य निर्माण में अभिभावकों की भूमिका अहम : चेतन्य काश्यप
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने कहा कि बच्चों का भविष्य संवारने में अभिभावकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। प्रत्येक अभिभावक को प्रतिदिन कम से कम एक मिनट बच्चों के बारे में गंभीरता से सोचने और उनकी गतिविधियों को समझने के लिए निकालना चाहिए। बदलते परिवेश और बढ़ते संसाधनों के बीच बच्चों को सही दिशा दिखाना आज की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के दौर में बच्चों पर मानसिक दबाव भी बढ़ रहा है। अभिभावकों को यह समझना होगा कि बच्चों का तनाव कैसे कम किया जाए और उनमें सहनशीलता, धैर्य एवं सकारात्मक सोच कैसे विकसित की जाए।
काश्यप ने कहा कि वार्षिकोत्सव भारत की अनुपम संस्कृति का प्रतीक है। काश्यप विद्यापीठ ने हमेशा शिक्षा के साथ संस्कारों को भी महत्व दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के युवाओं को सकारात्मक ऊर्जा के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में विकास के लगातार प्रयास हो रहे हैं। बदनावर के समीप स्थापित हो रहा पीएम मित्र पार्क भी क्षेत्र के बच्चों और युवाओं के भविष्य के लिए नए अवसर लेकर आएगा।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में इन विद्यार्थियों ने मारी बाजी
वार्षिकोत्सव में विभिन्न आयु एवं कक्षा समूहों के विद्यार्थियों को सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत किया गया।
प्री-प्राइमरी ग्रुप (नर्सरी से एलकेजी) में सर्वश्रेष्ठ नृत्य का प्रथम पुरस्कार ‘गुड़िया चिड़िया चांद चकोरी’ को मिला। इसी समूह में सर्वश्रेष्ठ कलाकार का प्रथम पुरस्कार शिवांश यादव (नर्सरी) और द्वितीय पुरस्कार काव्या चौहान (एलकेजी) को दिया गया।
सब जूनियर ग्रुप (यूकेजी से कक्षा 2) में ‘गिव मी ए बेल टू रींग’ को सर्वश्रेष्ठ नृत्य चुना गया। सर्वश्रेष्ठ कलाकार में नित्यश्री दीपक वाडिले प्रथम और पुष्पराज सिंह जाधव द्वितीय रहे।
कक्षा 3 से 5 के सब जूनियर ग्रुप में ‘खुशियां बटोर लो’ को सर्वश्रेष्ठ नृत्य का पुरस्कार मिला। इस वर्ग में कायरा नाहर प्रथम और आर्या झा द्वितीय सर्वश्रेष्ठ कलाकार रहीं।
जूनियर ग्रुप (कक्षा 6 से 8) में ‘धागों से बंधा रक्षाबंधन’ को सर्वश्रेष्ठ नृत्य का प्रथम पुरस्कार मिला। मेधावी गौड़ प्रथम और सौम्या पाटीदार द्वितीय सर्वश्रेष्ठ कलाकार रहीं।
सीनियर ग्रुप (कक्षा 9 से 12) में ‘आदिवासी भाया’ को सर्वश्रेष्ठ नृत्य का प्रथम, ‘बोलो तारा रारा’ को द्वितीय और ‘राजस्थानी सावन’ को तृतीय पुरस्कार मिला। सर्वश्रेष्ठ कलाकारों में सृष्टि सिंह प्रथम, प्रतीक हारोड़ द्वितीय और प्रशंस्वी पटेल तृतीय स्थान पर रहे। नाटक विधा में गौरवी पोरवाल को प्रथम और आशी पाटीदार को द्वितीय सर्वश्रेष्ठ कलाकार का पुरस्कार दिया गया।
बोर्ड परीक्षा के मेधावी विद्यार्थी भी हुए सम्मानित
समारोह में सत्र 2025-26 की कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।
कक्षा 10वीं में मेधांश सोनी ने 96.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। समीक्षा चोरड़िया 95.6 प्रतिशत के साथ द्वितीय तथा भूमिका पाटीदार और हर्ष शर्मा 95.4 प्रतिशत अंकों के साथ संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहे।
कक्षा 12वीं विज्ञान संकाय में खुशी पाटीदार 86.8 प्रतिशत अंकों के साथ प्रथम, गीतिका राठौर 76.8 प्रतिशत के साथ द्वितीय और सिद्धिका जैन 74.4 प्रतिशत के साथ तृतीय स्थान पर रहीं।
वाणिज्य संकाय में हिमाद्री चांडक ने 95.20 प्रतिशत अंकों के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। अनिक धोका 93.80 प्रतिशत के साथ द्वितीय और काव्या जैन 90.80 प्रतिशत के साथ तृतीय स्थान पर रहीं।
समारोह में अभिभावकों, शिक्षकों, अतिथियों और विद्यार्थियों की बड़ी संख्या में सहभागिता रही। भारतीय संस्कृति, शिक्षा, संस्कार और विद्यार्थियों की प्रतिभा को समर्पित इस आयोजन का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

By V meena

You missed

error: Content is protected !!