रतलाम ( ivnews ) ग्रामीण एवं आदिवासी अंचल राउटी के होनहार विद्यार्थी सक्षम बोकड़िया (जैन) ने NEET-2026 की परीक्षा में सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। सक्षम को भोपाल के RKDF मेडिकल कॉलेज में MBBS की सीट प्राप्त हुई है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार में खुशी का माहौल है, वहीं रावटी सहित आसपास के ग्रामीण अंचल में भी हर्ष व्याप्त है।
सक्षम की सफलता इसलिए भी खास है, क्योंकि उन्होंने अपने बचपन के सपने को साकार करने के साथ ही अपने दादाजी की उस इच्छा को भी पूरा किया है, जो वे अपने पोते को डॉक्टर के रूप में देखना चाहते थे। सक्षम के पिता प्रकाश बोकड़िया (जैन) ने बताया कि सक्षम बचपन से ही डॉक्टर बनने का सपना देखता था। इसी लक्ष्य को लेकर उसने लगातार मेहनत और लगन से पढ़ाई की।
सक्षम ने कक्षा 12वीं तक की शिक्षा शासकीय विद्यालय, राउटी से प्राप्त की। इसके बाद मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए रतलाम के अभ्यास करियर इंस्टीट्यूट का चयन किया। यहां मिले मार्गदर्शन और नियमित अध्ययन के साथ उसने NEET की तैयारी जारी रखी।


परीक्षा से जुड़ी पेपर लीक जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद सक्षम ने अपना आत्मविश्वास बनाए रखा और लक्ष्य से भटकने के बजाय मेहनत जारी रखी। आखिरकार उसकी लगन, अनुशासन और दृढ़ संकल्प रंग लाया तथा उसने NEET-2026 में सफलता प्राप्त कर MBBS में प्रवेश का सपना पूरा कर लिया।
अभ्यास करियर इंस्टीट्यूट के डायरेक्टर डॉ. राकेश कुमावत ने बताया कि सक्षम ने नियमित अध्ययन, सही मार्गदर्शन और कठिन परिश्रम के दम पर यह उपलब्धि हासिल की है। उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है।
सक्षम की उपलब्धि पर अभ्यास करियर इंस्टीट्यूट की टीम राउटी पहुंची और सक्षम सहित उनके परिवार का सम्मान कर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। संस्थान की टीम ने उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि सक्षम भविष्य में एक कुशल चिकित्सक बनकर राउटी और आसपास के आदिवासी अंचल में चिकित्सा सेवाएं प्रदान करेगा तथा जरूरतमंद लोगों की सेवा करेगा।
सक्षम की यह सफलता ग्रामीण प्रतिभाओं के लिए मिसाल है। उन्होंने साबित किया है कि सीमित संसाधनों और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद मजबूत इच्छाशक्ति, निरंतर मेहनत और उचित मार्गदर्शन से बड़े सपनों को साकार किया जा सकता है।

By V meena

You missed

error: Content is protected !!