
रतलाम ( ivnews ) शहर में एटीएम कार्ड बदलकर बैंक खातों से रकम उड़ाने वाले बदमाश एक बार फिर सक्रिय हो गए हैं। इस बार बदमाशों ने 80 फीट रोड स्थित एसबीआई बैंक के बाहर लगे एटीएम पर रुपए निकालने पहुंचे एक बुजुर्ग को अपना निशाना बनाया। दो युवकों ने मदद करने के बहाने पहले उन्हें बातों में उलझाया और फिर बड़ी चालाकी से उनका एटीएम कार्ड बदल लिया। बुजुर्ग को इसकी भनक तक नहीं लगी और कुछ ही देर में उनके बैंक खाते से 78 हजार रुपए निकाल लिए गए।
जानकारी के अनुसार, नरीमन पॉइंट निवासी महिपाल सिंह राठौड़ गुरुवार सुबह 80 फीट रोड स्थित एसबीआई के एटीएम पर रुपए निकालने पहुंचे थे। वे एटीएम से रुपए निकालकर बाहर निकले ही थे कि तभी दो युवक उनके पास आए। युवकों ने उनसे कहा, “अंकल, आपका एटीएम कार्ड अभी चालू रह गया है।”
महिपाल सिंह ने युवकों को बताया कि वे पूरी प्रक्रिया करने के बाद ही मशीन से बाहर आए हैं, लेकिन दोनों युवक उन्हें लगातार यह समझाते रहे कि एटीएम की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है और उन्हें दोबारा कार्ड मशीन में लगाना होगा।
मदद का झांसा देकर बदला कार्ड
युवकों की बातों में आकर महिपाल सिंह दोबारा एटीएम के अंदर चले गए और अपना कार्ड मशीन में लगा दिया। इसी दौरान दोनों युवकों ने उन्हें उलझाकर कार्ड बदल दिया। बदमाशों ने इतनी सफाई से वारदात को अंजाम दिया कि बुजुर्ग को तत्काल इसका पता ही नहीं चला। दोनों युवक कार्ड लेकर वहां से निकल गए।
हनुमान ताल पहुंचते ही सामने आई 78 हजार की ठगी
एटीएम से निकलने के बाद महिपाल सिंह टहलते हुए हनुमान ताल पहुंच गए। यहां उन्होंने अपने बैंक खाते का बैलेंस चेक किया तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। खाते से 78 हजार रुपए निकाले जा चुके थे। यह देखकर उन्होंने तत्काल अपने बेटे दीपेंद्र सिंह ठाकुर को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी।
बेटे दीपेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और पिता का एटीएम कार्ड चेक किया तो पता चला कि बदमाश असली कार्ड ही बदलकर ले गए हैं। इसके बाद पिता-पुत्र को समझ आया कि मदद के नाम पर उनके साथ ठगी की गई है।
थाने पहुंचे तो कहा- 11 बजे बाद आना
घटना के बाद दीपेंद्र सिंह ठाकुर तत्काल औद्योगिक क्षेत्र थाने पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी देना चाही। आरोप है कि थाने पर उन्हें बताया गया कि अभी अधिकारी नहीं आए हैं, इसलिए 11 बजे के बाद आने को कहा गया। ऐसे में उन्हें तत्काल पुलिस सहायता नहीं मिल सकी। इसके बाद उन्होंने ऑनलाइन साइबर फ्रॉड की शिकायत दर्ज कराई।
एटीएम इस्तेमाल करते समय रहें सतर्क
यह घटना एक बार फिर एटीएम इस्तेमाल करने वालों के लिए चेतावनी है। अनजान व्यक्ति के कहने पर दोबारा कार्ड मशीन में न लगाएं। किसी को भी अपना एटीएम कार्ड या पिन न बताएं। एटीएम से निकलने के बाद कार्ड अपने पास होने की पुष्टि जरूर करें। खाते से संदिग्ध लेनदेन होने पर तुरंत बैंक और साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करें।
