
रतलाम,( ivnews ) मां कालिका की भक्ति, आस्था और सांस्कृतिक रंगों से रतलाम का कालिका माता मंदिर परिसर एक बार फिर गुलजार होने जा रहा है। श्री कालिका माता नवरात्रि मेले का भव्य शुभारंभ रविवार, 11 अक्टूबर को शाम 7 बजे मेला परिसर स्थित नगर निगम रंगमंच पर होगा। नगर निगम द्वारा आयोजित यह 10 दिवसीय मेला 20 अक्टूबर तक चलेगा। मेले में प्रतिदिन रात को गरिमामय साहित्यिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां होंगी।
मेले का शुभारंभ मध्यप्रदेश शासन के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य काश्यप के मुख्य आतिथ्य तथा रतलाम-झाबुआ-अलीराजपुर सांसद अनिता नागरसिंह चौहान की उपस्थिति में होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर प्रहलाद पटेल करेंगे। पूर्व गृह मंत्री हिम्मत कोठारी, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय और निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस अवसर पर नगर निगम के पदाधिकारी, महापौर परिषद के सदस्य, पार्षद एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे। शुभारंभ विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया जाएगा।
भजन, गरबा, संगीत और हास्य का मिलेगा संगम
नगर निगम की सामान्य प्रशासन समिति के प्रभारी धर्मेन्द्र व्यास ने बताया कि इस वर्ष मेले और सांस्कृतिक मंच को भव्य स्वरूप दिया गया है। मेले की गरिमा और धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रमों का चयन किया गया है। आयोजन में भक्ति संगीत से लेकर नृत्य, लाइव बैंड, आर्केस्ट्रा और हास्य कवि सम्मेलन तक विभिन्न प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
किस दिन कौन-सा कार्यक्रम?
मेले के दौरान निगम रंगमंच पर आयोजित होने वाले प्रमुख कार्यक्रमों का विवरण इस प्रकार है—
11 अक्टूबर, रविवार: मेले का शुभारंभ। इसके बाद श्री कालिका माता सेवा मंडल ट्रस्ट की बालिकाओं द्वारा गरबा नृत्य, भक्ति संगीत एवं उत्सव कार्यक्रम।
12 अक्टूबर, सोमवार: स्थानीय कलाकारों की आर्केस्ट्रा प्रस्तुति।
13 अक्टूबर, मंगलवार: प्रसिद्ध भजन गायक-गायिकाओं का सुर संगम।
14 अक्टूबर, बुधवार: डांसिंग नाइट।
15 अक्टूबर, गुरुवार: सेलिब्रिटी नाइट।
16 अक्टूबर, शुक्रवार: अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन।
17 अक्टूबर, शनिवार: प्रसिद्ध भजन गायक की भजन संध्या।
18 अक्टूबर, रविवार: भक्ति संध्या।
19 अक्टूबर, सोमवार: लाइव बैंड एवं आर्केस्ट्रा।
20 अक्टूबर, मंगलवार: दशहरे के अवसर पर नेहरू स्टेडियम (पोलो ग्राउंड) में आकर्षक आतिशबाजी, ब्रास बैंड की धुन के साथ रावण दहन किया जाएगा। बरबड़ मेला परिसर में भी आकर्षक आतिशबाजी और रावण दहन का आयोजन होगा।
नागरिकों से मेले में शामिल होने की अपील
महापौर प्रहलाद पटेल, निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा, निगम आयुक्त अनिल भाना, नेता पक्ष भगतसिंह भदौरिया, सामान्य प्रशासन समिति प्रभारी धर्मेन्द्र व्यास, राजस्व समिति प्रभारी दिलीप कुमार गांधी सहित नगर निगम के पदाधिकारियों, पार्षदों एवं एल्डरमेन ने शहरवासियों से मेले के शुभारंभ और प्रतिदिन आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।
