
रतलाम( ivnews ) शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान, नवाचार और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए सान्दीपनि विद्यालय विनोबा, रतलाम की दो शिक्षिकाओं को प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है। प्रकृति शिक्षण यात्रा, छत्तीसगढ़ एवं शिक्षक सम्मान समारोह समिति द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में श्रीमती कविता वर्मा को मदर टेरेसा अवॉर्ड तथा सुश्री हीना शाह को कर्मवीर पुरस्कार प्रदान किया गया।
दोनों शिक्षिकाओं का चयन शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, नवाचारपूर्ण शिक्षण पद्धतियों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए गए उल्लेखनीय कार्यों के आधार पर किया गया।
ज्यूरी के मूल्यांकन के बाद हुआ चयन
प्रकृति शिक्षण यात्रा, छत्तीसगढ़ द्वारा प्रतिवर्ष देशभर के शिक्षकों से शिक्षा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए आवेदन आमंत्रित किए जाते हैं। इसके बाद ज्यूरी संबंधित शिक्षकों के वास्तविक कार्यों का मूल्यांकन करती है और ऑनलाइन साक्षात्कार के माध्यम से योग्य शिक्षकों का चयन किया जाता है। इस वर्ष मध्यप्रदेश से चयनित दोनों शिक्षिकाएं सान्दीपनि विद्यालय विनोबा, रतलाम की हैं।
विद्यालय के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी खास है, क्योंकि पिछले वर्ष भी संस्था के दो शिक्षक हर्षिता सोलंकी और अजय मरमट इन प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित हो चुके हैं।
नवाचार और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर जोर
कर्मवीर पुरस्कार से सम्मानित उच्च माध्यमिक शिक्षक एवं जीव विज्ञान विषय की शिक्षिका हीना शाह ने कहा कि विद्यालय में प्रोजेक्ट आधारित शिक्षण और सोशल-इमोशनल स्पेस को निरंतर विकसित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों को ज्यूरी ने महत्वपूर्ण माना। उप प्राचार्य गजेन्द्र सिंह राठौर के मार्गदर्शन में विभिन्न नवाचारों के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है।
वहीं, मदर टेरेसा अवॉर्ड से सम्मानित माध्यमिक शिक्षक कविता वर्मा ने कहा कि पर्यावरण जागरूकता और भविष्य की चुनौतियों के अनुरूप कौशल विकास से जुड़े नियमित कार्यक्रमों के माध्यम से नई पीढ़ी को तैयार करना विद्यालय की प्राथमिकता है।
प्रार्थना सभा में हुआ सम्मान
दोनों शिक्षिकाओं की इस उपलब्धि पर विद्यालय में भी हर्ष का माहौल रहा। दैनिक प्रार्थना सभा के दौरान टीम विनोबा की ओर से उनका सम्मान किया गया। विद्यालय की प्राचार्य संध्या वोरा, स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष विजय मीणा, उपाध्यक्ष कमल पाटीदार तथा अन्य स्टाफ सदस्यों ने दोनों शिक्षिकाओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
दोनों शिक्षिकाओं की उपलब्धि से विद्यालय परिवार में उत्साह है। यह सम्मान शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार, समर्पण और विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य के लिए किए जा रहे प्रयासों को नई पहचान देता है।
