
रतलाम, ( ivnews ) जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शिवगढ़ पुलिस ने ग्राम जाम्बुकुड़ी में एक खेत से गांजे के 127 हरे पौधे जब्त किए हैं। पौधों का कुल वजन 17.025 किलोग्राम और अनुमानित कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई है। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
मुखबिर की सूचना पर खेत में दी दबिश
पुलिस के अनुसार, 9 अक्टूबर को थाना शिवगढ़ पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम जाम्बुकुड़ी निवासी प्रभुलाल पारगी ने अपने खेत में अवैध रूप से गांजे के पौधे उगा रखे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर खेत में दबिश दी। वहां दो व्यक्ति काम करते दिखाई दिए, जिन्होंने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया। हालांकि, पुलिस टीम ने दोनों को पकड़ लिया।
पूछताछ में उनकी पहचान प्रभुलाल पिता रखमा पारगी (35), निवासी ग्राम जाम्बुकुड़ी और प्रकाश पिता विश्राम देवधा (29), निवासी मनासा, थाना शिवगढ़, हाल मुकाम ग्राम जाम्बुकुड़ी के रूप में हुई।
कपास और मक्का की फसल के बीच उगाए थे पौधे
खेत की तलाशी के दौरान कपास और मक्का की फसल के बीच अलग-अलग स्थानों पर गांजे के हरे पौधे मिले। पुलिस ने पंचों की मौजूदगी में पौधों की गिनती और तौल कराई। इस दौरान कुल 127 पौधे मिले, जिनका वजन 17.025 किलोग्राम पाया गया।
पुलिस ने पौधों को जब्त कर लिया।
दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस अब अवैध खेती से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण विवेक कुमार लाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर राकेश पन्द्रो और एसडीओपी रतलाम ग्रामीण किशोर पाटनवाला के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी सैलाना आईपीएस लेखराज मीणा के नेतृत्व में की गई। थाना प्रभारी शिवगढ़ निरीक्षक लिलियन मालवीय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक लिलियन मालवीय, उपनिरीक्षक प्रतापसिंह भदोरिया, उपनिरीक्षक अजमेरसिंह भुरिया, प्रधान आरक्षक जितेन्द्रपालसिंह राठौर, प्रधान आरक्षक विक्रमसिंह घोसरे, प्रधान आरक्षक रघुवीर सिंह, आरक्षक अनिल सूर्यवंशी, आरक्षक मनीष खराड़ी, महिला आरक्षक सावित्री मकवाने और महिला आरक्षक रेणु डावर की भूमिका रही।
