रतलाम (ivnews ) शहर में खुद को नारकोटिक्स विभाग की अधिकारी बताकर करोड़ों रुपए की ठगी करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। माणक चौक थाना पुलिस ने ठगी के आरोप में सपना ठाकुर (टांक) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी महिला ने तेजानगर निवासी प्रॉपर्टी ब्रोकर रुपेश चपरोट को उसके ब्याज में डूबे रुपए वापस दिलाने का भरोसा दिलाया और इसी बहाने उससे करीब 3 करोड़ 75 लाख रुपए की धोखाधड़ी की।

रुपए वापस दिलाने के नाम पर शुरू हुआ पूरा खेल

पुलिस के मुताबिक, सपना ठाकुर ने रुपेश को विजय लोढ़ा से जुड़े रुपए के मामले में कानूनी कार्रवाई करवाकर राशि वापस दिलाने का भरोसा दिया था। इसके लिए विजय के मकान और फ्लैट की कुर्की सहित अन्य कार्रवाई कराने की बात कही गई।

आरोप है कि सपना ने खुद को नारकोटिक्स विभाग की अधिकारी बताकर रुपेश पर प्रभाव जमाया। इसी विश्वास का फायदा उठाते हुए उसने अलग-अलग समय पर उससे बड़ी रकम हासिल की। पुलिस जांच में प्लॉट और मकान अपने नाम करवाने की बात भी सामने आई है।

रुपए देने से इनकार किया तो दी धमकी

मामले में उस समय नया मोड़ आया, जब रुपेश ने आगे रुपए देने से इनकार कर दिया और अपने नाम की गई संपत्तियों की रजिस्ट्री वापस करने की बात कही। आरोप है कि इसके बाद सपना ने उसे धमकाते हुए खुद को ‘एनकाउंटर स्पेशलिस्ट’ बताया और एनडीपीएस के झूठे मामले में फंसाने तथा परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी।

पुलिस ने शिकायत और जांच के आधार पर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में ठगी की कुल रकम करीब 3.75 करोड़ रुपए बताई गई है। हालांकि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम और रकम की अंतिम स्थिति स्पष्ट होगी।

जीजा से भी 15 लाख रुपए लेने का आरोप

पुलिस जांच के दौरान रुपेश के जीजा से भी करीब 15 लाख रुपए लेने की बात सामने आने की जानकारी है। बताया गया कि मुंबई में चांदी के आभूषणों का कारोबार करने वाले रुपेश के जीजा से भी कथित तौर पर रुपए की रिकवरी कराने के नाम पर रकम ली गई थी।

पहले भी शिकायतों का दावा, पुराने मामलों की भी जांच

पुलिस के अनुसार आरोपी महिला से जुड़े पूर्व के मामलों और शिकायतों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। अलग-अलग लोगों से रुपए लेने, खुद को अलग-अलग पेशे से जुड़ा बताने तथा धमकी देने संबंधी आरोपों की भी पुलिस जांच कर रही है।

कुछ शिकायतों में महिला पर कभी वकील तो कभी शिक्षक बनकर लोगों से कथित तौर पर रुपए लेने के आरोप लगाए गए हैं। एक मामले में समूह लोन की किश्त जमा कराने के नाम पर सोने की माला लेने तथा दूसरे मामले में एक युवक से लाखों रुपए की कथित धोखाधड़ी की शिकायत की जानकारी भी सामने आई है। इन पुराने आरोपों की स्वतंत्र रूप से जांच की जा रही है।

पुलिस खंगाल रही है पूरा नेटवर्क

माणक चौक थाना पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है और मामले में आगे की जांच जारी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि करोड़ों रुपए की कथित ठगी के इस मामले में आरोपी के साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं, संपत्तियों से जुड़े लेन-देन कैसे हुए और ठगी की रकम कहां-कहां इस्तेमाल की गई।पुलिस पुराने मामलों और वर्तमान प्रकरण के बीच किसी संभावित कड़ी की भी जांच कर रही है।

By V meena

You missed

error: Content is protected !!