
जावरा, ( ivnews ) । जावरा विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में 12 चिकित्सकों की पदस्थापना की गई है। विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय के प्रयासों से क्षेत्र के विभिन्न शासकीय अस्पतालों में लंबे समय से रिक्त चिकित्सकीय पदों की पूर्ति हुई है।
बताया गया है कि विधायक डॉ. पांडेय ने स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के साथ ही अस्पतालों में रिक्त पदों को भरने के लिए लगातार प्रयास किए। इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल से चिकित्सकों की पदस्थापना को लेकर चर्चा की थी। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग, भोपाल द्वारा नियुक्ति आदेश जारी किए गए।
प्रभारी सुपरवाइजर शैलेन्द्र कुमार दवे के अनुसार, सिविल अस्पताल जावरा में 5 चिकित्सकों की पदस्थापना की गई है। इनमें डॉ. श्रेया रातवजिया, डॉ. सृष्टि गर्ग, डॉ. समीक्षा अग्रवाल, डॉ. वरुण साहू और डॉ. विजय पाटीदार शामिल हैं।
इसी तरह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रिंगनोद में 3 चिकित्सकों—डॉ. प्रतिभा पाटीदार, डॉ. किशन पाटीदार और डॉ. कृष्णा परमार—की नियुक्ति हुई है।
वहीं सिविल अस्पताल पिपलौदा में 4 चिकित्सकों—डॉ. राहुल कुशवाह, डॉ. मनीषा पाटीदार, डॉ. अर्चिषा कांत और डॉ. शेजल जाटव—की पदस्थापना की गई है।
ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा सहारा
एक साथ 12 चिकित्सकों की पदस्थापना से जावरा, रिंगनोद और पिपलौदा क्षेत्र के शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में चिकित्सा सेवाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है। क्षेत्रवासियों ने चिकित्सकों की नियुक्ति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल और विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय के प्रति आभार जताया है।
