Oplus_16908288


रतलाम, ( ivnews ) दिल्ली-मुंबई 8-लेन एक्सप्रेस-वे पर हाल ही में सामने आई पत्थरबाजी की घटनाओं को रतलाम पुलिस ने गंभीरता से लिया है। वाहन चालकों और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई के साथ अब ग्रामीणों को भी अभियान से जोड़ने की पहल शुरू की है।
पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार के निर्देश पर एक्सप्रेस-वे से लगे गांवों में जनसंवाद कर लोगों से संदिग्ध और असामाजिक गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस तक पहुंचाने की अपील की जा रही है।
मोलावा में ग्रामीणों के साथ पुलिस का जनसंवाद
इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतलाम शहर राकेश पंद्रो और एसडीओपी सैलाना लेखराज मीणा (आईपीएस) के मार्गदर्शन में डीएसपी सुरेंद्र सिंह गडरिया एवं थाना प्रभारी रावटी द्वारा ग्राम मोलावा के पंचायत भवन में ग्रामीणों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मोलावा सरपंच नरेंद्र गरवाल, देवपाड़ा सरपंच बद्रीलाल वसुनिया, गांव के पटेल, वरिष्ठ नागरिक, एक्सप्रेस-वे के आसपास रहने वाले दुकानदार और मकान मालिक शामिल हुए।
बैठक का मुख्य उद्देश्य एक्सप्रेस-वे के आसपास होने वाली संदिग्ध गतिविधियों की सूचना समय पर पुलिस तक पहुंचाना और ग्रामीणों के सहयोग से पत्थरबाजी जैसी घटनाओं को रोकना रहा।
इन गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें
पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की कि एक्सप्रेस-वे के आसपास यदि कोई व्यक्ति सड़क किनारे या सार्वजनिक स्थान पर शराब पीकर उपद्रव करता दिखाई दे।.संदिग्ध अवस्था में अनावश्यक रूप से घूमता नजर आए।रील बनाने, स्टंट या किसी खतरनाक गतिविधि में शामिल हो।वाहनों की आवाजाही के दौरान संदिग्ध गतिविधि करता दिखाई दे। पत्थरबाजी की तैयारी या घटना से जुड़ी कोई जानकारी मिले।तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी जाए।
पुलिस ने ग्रामीणों से बच्चों और युवाओं को भी जागरूक करने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि एक्सप्रेस-वे पर पत्थर फेंकना या वाहनों को निशाना बनाना बेहद गंभीर और खतरनाक आपराधिक कृत्य है। इससे सड़क पर चल रहे वाहन अनियंत्रित होकर बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं।
ग्रामीणों की सजगता बनेगी सुरक्षा की अहम कड़ी
पुलिस का मानना है कि एक्सप्रेस-वे से लगे गांवों के निवासी अपने क्षेत्र की गतिविधियों से परिचित रहते हैं। ऐसे में संदिग्ध गतिविधियों की समय पर सूचना मिलने से पुलिस को त्वरित कार्रवाई करने में मदद मिलेगी।
रतलाम पुलिस द्वारा एक्सप्रेस-वे क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने के साथ ग्रामीणों से संवाद और जनसहयोग को भी सुरक्षा व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया जा रहा है।
पत्थरबाजी और उपद्रव करने वालों पर होगी कार्रवाई
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि एक्सप्रेस-वे पर वाहन चालकों और यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाली गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पत्थरबाजी, वाहनों को नुकसान पहुंचाने, उपद्रव या अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों की पहचान कर उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। एक्सप्रेस-वे क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है और आवश्यकता के अनुसार पड़ोसी जिलों की पुलिस के साथ भी समन्वय किया जा रहा है।

By V meena

You missed

error: Content is protected !!