रतलाम पुलिस की साइबर एडवाइजरी—फर्जी चालान के नाम पर APK भेजकर मोबाइल और बैंकिंग जानकारी में सेंध लगाने की कोशिश…..

रतलाम (IV News)। आपके मोबाइल पर अगर अचानक मैसेज आए कि आपके वाहन का E-Challan लंबित है और जुर्माना भरने के लिए किसी लिंक पर क्लिक करना है, तो जल्दबाजी बिल्कुल न करें। यह मैसेज असली नहीं, बल्कि साइबर ठगों का जाल भी हो सकता है। रतलाम पुलिस ने आमजन को ऐसे फर्जी E-Challan लिंक और APK फाइलों से सावधान रहने की अपील की है।

पुलिस के अनुसार साइबर अपराधी इन दिनों Traffic Challan, E-Challan, Pending Fine और RTO Challan जैसे शब्दों का इस्तेमाल कर लोगों में डर और जल्दबाजी पैदा कर रहे हैं। इसके बाद SMS या WhatsApp के जरिए लिंक अथवा APK फाइल भेजकर उसे डाउनलोड करने के लिए कहा जा सकता है।

एक क्लिक और मोबाइल में सेंध!

पुलिस ने बताया कि साइबर ठगों की ओर से भेजी गई APK फाइल फर्जी या नुकसान पहुंचाने वाली एप्लीकेशन हो सकती है। इसे मोबाइल में इंस्टॉल करने के बाद संवेदनशील जानकारी, SMS, OTP और अन्य डेटा तक अनधिकृत पहुंच बनाने की कोशिश की जा सकती है। इसका इस्तेमाल आगे वित्तीय धोखाधड़ी के लिए किया जा सकता है।

रतलाम पुलिस ने बताए बचाव के तरीके

  • अनजान नंबर से आए E-Challan लिंक पर क्लिक न करें।
  • WhatsApp या SMS से मिली अनजान APK फाइल डाउनलोड या इंस्टॉल न करें।
  • मोबाइल की Install Unknown Apps जैसी सुरक्षा सेटिंग से छेड़छाड़ न करें।
  • किसी को भी OTP, UPI PIN, ATM PIN, CVV या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी न दें।
  • संदिग्ध लिंक या फाइल खोलने से पहले उसकी सत्यता जांचें।
  • चालान की जानकारी के लिए केवल आधिकारिक सरकारी पोर्टल या विश्वसनीय माध्यम का इस्तेमाल करें।
  • अनजान व्यक्ति के कहने पर स्क्रीन शेयरिंग, रिमोट एक्सेस या संदिग्ध एप्लीकेशन इंस्टॉल न करें।

गलती से APK इंस्टॉल हो गई तो तुरंत उठाएं कदम

अगर गलती से संदिग्ध E-Challan APK डाउनलोड या इंस्टॉल हो गई है तो मोबाइल को तुरंत इंटरनेट से डिस्कनेक्ट करें। संदिग्ध एप्लीकेशन का इस्तेमाल न करें और उसे हटाएं। बैंक से संपर्क कर खाते को सुरक्षित करवाएं। यदि आर्थिक धोखाधड़ी हो चुकी है तो बिना देरी किए 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत करें।

पुलिस के मुताबिक साइबर ठगी की सूचना जितनी जल्दी दी जाएगी, ठगी की रकम को सुरक्षित कराने की संभावना उतनी ही बेहतर हो सकती है।

रतलाम पुलिस की अपील

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल एवं राकेश पन्द्रो के मार्गदर्शन में साइबर सेल द्वारा यह एडवाइजरी जारी की गई है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सरकारी सेवा या E-Challan के नाम पर आने वाले किसी भी अनजान लिंक, APK फाइल या संदिग्ध संदेश पर भरोसा न करें।

By V meena

error: Content is protected !!