
रतलाम ( ivnews ) कर्ज के बोझ से परेशान तीन दोस्तों ने कर्ज चुकाने के लिए ऐसा रास्ता चुना कि अपने ही परिचित को लूटने की साजिश रच डाली। हैरानी की बात यह रही कि लूट का शिकार हुआ व्यापारी जिस ड्राइवर पर भरोसा कर अपने साथ ले जा रहा था, वही इस पूरी वारदात का मास्टरमाइंड निकला। उसने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर मालिक को लुटवाने की योजना बनाई और इशारों के जरिए वारदात को अंजाम दिलवा दिया। हालांकि, रतलाम पुलिस की सतर्कता और तकनीकी जांच ने आरोपियों की चालाकी का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने महज 10 दिनों में 8 लाख 15 हजार 510 रुपये की लूट का खुलासा करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके कब्जे से 6 लाख 21 हजार रुपये नकद सहित वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और अन्य सामान बरामद किया गया है।
महू-नीमच रोड पर दिया था वारदात को अंजाम
पुलिस के मुताबिक, 19 नवंबर 2026 को इंदौर निवासी हर्षित चंदाना (34) ने थाना स्टेशन रोड पर लूट की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। हर्षित कन्फेक्शनरी मार्केटिंग का कारोबार करते हैं और रतलाम, मंदसौर, नीमच सहित आसपास के क्षेत्रों से व्यापारिक भुगतान का कलेक्शन करते हैं।
घटना वाले दिन हर्षित अपने ड्राइवर गजानंद उर्फ गोलू भिड़े के साथ कार से इंदौर से मंदसौर और नीमच गए थे। दोनों ने अलग-अलग स्थानों से 8 लाख 15 हजार 510 रुपये का कलेक्शन किया और वापस इंदौर लौट रहे थे। इसी दौरान महू-नीमच रोड स्थित महिंद्रा शोरूम के सामने मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने रुपयों से भरा बैग लूट लिया और फरार हो गए।
घटना के बाद पुलिस ने अपराध क्रमांक 908/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(6) में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
400 से 500 CCTV कैमरे खंगाले, 200 किमी तक तलाश
लूट की गंभीर वारदात को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर विशेष टीमें गठित की गईं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पंद्रो एवं विवेक कुमार लाल के निर्देशन तथा नगर पुलिस अधीक्षक सत्येन्द्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मुनेन्द्र गौतम ने जांच की कमान संभाली।
पुलिस ने घटनास्थल से लेकर करीब 150 से 200 किलोमीटर के दायरे में 400 से 500 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही साइबर सेल ने घटनास्थल का PSTN डेटा जुटाकर संदिग्ध गतिविधियों और संपर्कों की पड़ताल की।
ड्राइवर की संदिग्ध भूमिका ने खोला राज
जांच के दौरान फरियादी के ड्राइवर गजानंद उर्फ गोलू भिड़े की भूमिका संदिग्ध नजर आई। घटना के समय और उसके बाद पूछताछ में उसके जवाब संतोषजनक नहीं मिले। पुलिस ने उसके संपर्कों और गतिविधियों पर नजर रखी तो पता चला कि वह अपने दोस्त चेतन मंडलोई और राजकुमार रायकवार के साथ लगातार संपर्क में था।
दोनों दोस्तों के साथ उसकी नजदीकियों और संदिग्ध गतिविधियों ने पुलिस का शक और गहरा कर दिया। पुलिस टीम ने इंदौर के राजेंद्र नगर क्षेत्र में दबिश देकर चेतन और राजकुमार को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने गजानंद के साथ मिलकर लूट की साजिश रचने और वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने ड्राइवर गजानंद को भी गिरफ्तार कर लिया।
जांच में सामने आया कि ड्राइवर ने ही अपने साथियों को इशारों के जरिए वारदात को अंजाम देने में मदद की थी। इस तरह जिस व्यक्ति पर व्यापारी ने सबसे ज्यादा भरोसा किया, वही उसकी रकम लुटवाने की साजिश में शामिल निकला।
तीनों आरोपियों से लाखों की नकदी बरामद
पुलिस ने मामले में इंदौर निवासी तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
चेतन पिता कमल मंडलोई (26 वर्ष) निवासी द्वारकापुरी, इंदौर। पेशे से मैकेनिक।
राजकुमार पिता जीवनलाल रायकवार (37 वर्ष) निवासी बीजलपुर, इंदौर।
गजानंद उर्फ गोलू पिता विष्णु भिड़े (33 वर्ष) निवासी रंगवासा, राऊ, इंदौर। फरियादी का ड्राइवर।
6.21 लाख नकद और बाइक जब्त
आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने लूटी गई रकम में से 6 लाख 21 हजार रुपये नकद, काले रंग का बैग, कलेक्शन से संबंधित दस्तावेज एवं डायरी बरामद की है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल लाल-काले रंग की टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल क्रमांक MP-09-AJ-8246, जिसकी अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये है, भी जब्त की गई है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी स्टेशन रोड निरीक्षक मुनेन्द्र गौतम, निरीक्षक अय्यूब खान, निरीक्षक जितेन्द्रसिंह जादौन, उप निरीक्षक दीपक यादव, उप निरीक्षक गुलाबसिंह सहित साइबर सेल, सीसीआर टीम, इंट्रीगेशन टीम और पुलिस के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और लगातार निगरानी के चलते 10 दिनों के भीतर लूट की इस वारदात का खुलासा हो गया। सबसे चौंकाने वाला पहलू यह रहा कि लूट की साजिश किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि व्यापारी के अपने ही ड्राइवर ने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर रची थी।
