
रतलाम ( ivnews ) जिले के रावटी स्थित शासकीय सांदीपनि हायर सेकंडरी स्कूल में छात्राओं की अचानक तबीयत बिगड़ने का मामला लगातार दूसरे दिन सामने आने से हड़कंप मच गया। शुक्रवार सुबह प्रार्थना के दौरान कक्षा 6वीं, 7वीं और 8वीं की तीन छात्राओं को अचानक चक्कर आने लगे और वे बेसुध होने लगीं। स्कूल प्रबंधन ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए तीनों छात्राओं को रावटी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे स्कूल शुरू होने के बाद प्रार्थना के समय तीन छात्राओं की तबीयत अचानक बिगड़ गई। छात्राओं की स्थिति देखकर स्कूल प्राचार्य अमरसिंह भाभर और अन्य स्टाफ ने बिना देरी किए उन्हें अस्पताल पहुंचाया। तीनों छात्राएं रावटी के नेताजी सुभाषचंद्र बोस बालिका छात्रावास में रहकर पढ़ाई करती हैं।
एक दिन पहले भी बिगड़ी थी 9 छात्राओं की तबीयत
इस मामले ने इसलिए भी गंभीर रूप ले लिया है, क्योंकि गुरुवार को भी इसी स्कूल की 9 छात्राओं की तबीयत खराब हुई थी। इनमें से 4 छात्राओं को उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र ले जाना पड़ा था, जबकि अन्य छात्राओं की स्थिति सामान्य बताई गई थी। बताया गया कि गुरुवार को छात्रावास में छात्राओं ने आलू-गोभी और टमाटर की सब्जी के साथ चना-मूंग का नाश्ता किया था। लगातार दो दिन छात्राओं की तबीयत बिगड़ने से छात्रावास की व्यवस्थाओं और खान-पान को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं।
मौके पर पहुंचे अधिकारी, छात्रावास की व्यवस्थाओं की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही बाजना तहसीलदार कुलभूषण शर्मा और शिक्षा विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने छात्राओं के स्वास्थ्य की जानकारी लेने के साथ ही स्कूल स्टाफ और अन्य छात्राओं से भी चर्चा की। प्रशासनिक टीम अब छात्रावास में भोजन की गुणवत्ता, खान-पान और अन्य व्यवस्थाओं की पड़ताल कर रही है।
फूड पॉइजनिंग की पुष्टि नहीं, छात्राएं डरी-सहमी नजर आईं
बाजना तहसीलदार कुलभूषण शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में छात्राएं मेडिकल रूप से फिट नजर आ रही हैं। फिलहाल फूड पॉइजनिंग जैसी कोई बात सामने नहीं आई है। हालांकि बातचीत के दौरान छात्राएं कुछ डरी-सहमी दिखाई दीं। प्रशासन पूरे मामले की जानकारी जुटा रहा है।
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर लगातार दूसरे दिन छात्राओं की तबीयत बिगड़ने की वजह क्या है? क्या इसके पीछे खान-पान से जुड़ा कोई कारण है या फिर कोई अन्य वजह? प्रशासनिक जांच और चिकित्सकीय परीक्षण के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
