
रतलाम अस्सी फीट रोड पर एक नाबालिग की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। हत्या करने वाले भी सभी आरोपी नाबालिग है। तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त चाकू भी जब्त कर लिया। हत्या की वजह दो दिन पूर्व वाहन का आपस में टकराने से उपजा विवाद है।
हत्या की यह वारदात मंगलवार की रात करीब 9 बजे की है। औद्योगिक क्षेत्र पुलिस को सूचना मिली की एक युवक घायल अवस्था में अस्सी फीट रोड और तिरुपति नगर के बीच गली में घायल पड़ा है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को एक युवक घायल अवस्था में मिला। पुलिस ने तत्काल उसे इलाज के लिए मेडिकल कालेज पहुंचाया। लेकिन युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
पुलिस को युवक ने दम तोड़ने के पहले उसे चाकू मारने वाले के नाम बता दिए थे।मृतक की शिनाख्त विनोद पिता जगदीश पांचाल उम्र 17 वर्ष के रूप में हुई थी। पुलिस ने तत्काल मृतक द्वारा बताए गए नामो वाले आरोपियों की खोज शुरू कर मुख्य आरोपी सहित 3आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी थी।
मृतक विनोद पांचाल महेश नगर का रहने वाला था। उसके पिता कारपेंटरी का कार्य करते है। आज मृतक के माता पिता बड़ोदरा मृतक की मां की तबियत खराब होने के कारण इलाज के लिए गए हुए थे। मृतक की दो बहने है। बड़ी बहन की शादी हो चुकी है। पुलिस के मुताबिक हत्या की वजह 1 सितंबर को साक्षी पेट्रोल पम्प के पास मृतक विनोद पांचाल और आरोपियों के बीच वाहन टकराने को लेकर हुआ विवाद था। इस विवाद में मृतक विनोद पांचाल ने मुख्य आरोपी को चाटा मार दिया था। जिसके बाद से दोनों में विवाद गहरा गया था।

आज मुख्य आरोपी ने मृतक को बात करने के लिए बुलाया था। मृतक को लेकर मुख्य आरोपी अस्सी फीट और तिरुपति नगर के बीच गली में लेकर आए। यहा मुख्य आरोपी के साथ उसके कुछ साथी भी थे।बातचीत के दौरान ही मुख्य आरोपी ने मृतक विनोद के पेट में चाकू मार दिया। घटना के बाद मुख्य आरोपी अपने साथियों के साथ भाग गया था। पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित 3आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जबकि अन्य आरोपियों की खोज जारी है। मुख्य आरोपी सहित सभी आरोपी नाबालिग है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी से हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है।