
रतलाम ( ivnews ) सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में सेवा ज्योति यात्रा का शुभारंभ विधायक सभागार से मशाल प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वंदे मातरम् के गायन के साथ हुआ। इसके पश्चात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं नितिन नवीन के लाइव संबोधन का प्रसारण किया गया. कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों द्वारा सामूहिक रूप से सेवा ज्योति प्रज्वलित की गई। अतिथियों के संबोधन के बाद राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इसके पश्चात सेवा ज्योति यात्राओं का विभिन्न क्षेत्रों के लिए प्रस्थान हुआ।
कार्यक्रम में जिले की विकास पुस्तिका का वितरण भी किया गया। पुस्तिका में जिले में विकास एवं जनकल्याण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों तथा विभिन्न उपलब्धियों की जानकारी दी गई है।

कार्यक्रम में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग, मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री चैतन्य काश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सेवा और विकास के क्षेत्र में विभिन्न कार्य किए गए हैं। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने देश की सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सेवा ज्योति मशाल प्रज्वलित की है। इस ज्योति को लेकर विभिन्न विधानसभाओं में सेवा ज्योति यात्राएं निकाली जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने “वी विल डू इट” का मंत्र देते हुए स्पष्ट किया है कि विकसित भारत का निर्माण केवल किसी एक व्यक्ति के प्रयास से नहीं, बल्कि सभी के सामूहिक प्रयास और जनभागीदारी से संभव होगा। विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी आवश्यक है.

मंत्री श्री काश्यप ने कहा कि रतलाम का विकास तभी संभव है, जब रतलाम शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्र के किसान और आमजन भी विकास की मुख्यधारा से जुड़ें। जावरा और आलोट क्षेत्र के साथ सैलाना क्षेत्र के आदिवासी भाई-बहनों के जीवन में भी विकास और खुशहाली आए, तभी रतलाम जिला समग्र रूप से विकसित होगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का संकल्प भारत माता के गौरव को बढ़ाने और भारत को विश्व में अग्रणी बनाने से जुड़ा है। सामूहिक प्रयास और जनभागीदारी से विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जा सकता है।

कार्यक्रम में अपेक्स बैंक के प्रशासक महेंद्र सिंह यादव, जावरा विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय, रतलाम ग्रामीण विधायक मथुरालाल डामोर, जिला विकास सलाहकार समिति सदस्य प्रदीप उपाध्याय, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लाला बाई शंभुलाल चंद्रवंशी, महापौर प्रहलाद पटेल, नगर पालिका निगम अध्यक्ष श्रीमती मनीषा शर्मा, आरडीए अध्यक्ष मनोहर पोरवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
