
रतलाम ( ivnews ) शहर में वाहन चोरी की वारदातों के बीच स्टेशन रोड पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की चार TVS एक्सल मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इनमें जिला अस्पताल के बाहर से चोरी हुई वह बाइक भी शामिल है, जिसकी शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था।
मामले का खुलासा उस समय हुआ जब पुलिस को वाहन चोरी के संबंध में एक महत्वपूर्ण सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने संदेही दुलेसिंह पिता शोभाराम भाटी (52), निवासी कुम्हार मोहल्ला, कानवन, जिला धार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने रतलाम के जिला अस्पताल एवं सब्जी मंडी क्षेत्र से चार TVS एक्सल चोरी करने की बात स्वीकार की।
डॉक्टर को दिखाने पहुंचे थे, बाहर खड़ी बाइक हो गई गायब
मामले की शुरुआत 30 सितंबर 2026 को हुई। पत्रकार कॉलोनी निवासी मुकेश कुमार शर्मा अपने मित्र के साथ डॉक्टर को दिखाने शासकीय अस्पताल पहुंचे थे। उन्होंने अपनी TVS एक्सल बाइक क्रमांक MP43MF6754 अस्पताल के बाहर खड़ी की थी।
कुछ देर बाद जब वे वापस लौटे तो बाइक मौके से गायब थी। आसपास तलाश करने के बाद भी वाहन का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद फरियादी ने स्टेशन रोड थाने में शिकायत दर्ज कराई।
मुखबिर की सूचना ने पहुंचाया आरोपी तक
वाहन चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच तेज की। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से संदेही के संबंध में सूचना मिली। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दुलेसिंह को अभिरक्षा में लिया।पूछताछ और आरोपी की निशानदेही के आधार पर पुलिस ने कुल चार चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं।
एक बाइक नंबर वाली, तीन बिना नंबर की बरामद
पुलिस के अनुसार बरामद वाहनों में—
MP43MF6754 — TVS एक्सल
बिना नंबर — TVS सुपर एक्सल
बिना नंबर — TVS एक्सल हेवी ड्यूटी
बिना नंबर — TVS सुपर एक्सल
शामिल हैं।
बरामद चार वाहनों में से एक वही मोटरसाइकिल है, जिसकी चोरी के संबंध में फरियादी मुकेश कुमार शर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। अन्य तीन वाहनों को भी पुलिस ने नियमानुसार जब्त किया है।
अब खुलेगा चोरी की और वारदातों का राज?
पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर उससे अन्य वाहन चोरी की वारदातों, चोरी किए गए वाहनों तथा संभावित सहयोगियों के संबंध में पूछताछ कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में वाहन चोरी से जुड़े कुछ और मामलों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ सकती है।फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की विवेचना जारी है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
थाना प्रभारी स्टेशन रोड निरीक्षक मुनेन्द्र गौतम के नेतृत्व में की गई। टीम में सउनि मुरली मकवाना, आरक्षक रितेश यादव, आरक्षक धीरेन्द्र गोखले, आरक्षक दीपक वसुनिया एवं आरक्षक मृत्युंजयसिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
