रतलाम, ( ivnews ) जिले में अवैध शराब के परिवहन के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डेलनपुर टोल के पास एक फोर्स तूफान वाहन से 42 पेटी मदिरा बरामद की है। शराब का परिवहन बिना पास और परमिट के किया जा रहा था। विभाग ने वाहन और शराब को जब्त करते हुए दो आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें निरुद्ध किया है।
धामनोद-रतलाम मार्ग पर लगाई थी चेकिंग
सहायक आबकारी आयुक्त विकास मण्डलोई के अनुसार, 4 अक्टूबर को आबकारी उपनिरीक्षक अर्पित पांडे के नेतृत्व में धामनोद से रतलाम मार्ग पर डेलनपुर टोल के समीप अवैध मदिरा परिवहन की रोकथाम के लिए चेकिंग लगाई गई थी।
चेकिंग के दौरान संदिग्ध फोर्स तूफान वाहन क्रमांक GJ 09 BM 2538 को रोककर तलाशी ली गई। वाहन की जांच में बड़ी मात्रा में शराब बरामद हुई।
वाहन से मिली शराब की 42 पेटियां
तलाशी के दौरान वाहन से—
माउंट 6000 बीयर — 22 पेटियां
बोल्ट बीयर — 10 पेटियां
देशी मदिरा प्लेन — 10 पेटियां
कुल 42 पेटियां मदिरा बरामद हुईं।
जांच में शराब के परिवहन के लिए आवश्यक पास/परमिट नहीं पाया गया, जिसके बाद आबकारी विभाग ने मदिरा सहित वाहन को विधिवत जब्त कर लिया।

विभाग के अनुसार जब्त की गई मदिरा एवं वाहन की कुल अनुमानित कीमत करीब 11 लाख 45 हजार रुपये है। मामले में दो आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) एवं 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को निरुद्ध कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

By V meena

error: Content is protected !!