
रतलाम (ivnews)। मध्यप्रदेश मेडिकल साइंस यूनिवर्सिटी, जबलपुर द्वारा घोषित BHMS द्वितीय वर्ष के परीक्षा परिणाम में रतलाम स्थित डिस्ट्रिक्ट होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज (DHMC) ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सर्वश्रेष्ठ परिणाम हासिल किया है। कॉलेज के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन कर संस्थान का नाम गौरवान्वित किया।
परीक्षा परिणाम में आइज उमरजी ने 900 में से 625 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं हेमांग चौहान ने 619 अंक के साथ द्वितीय तथा आयुषी परमार ने 584 अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान हासिल किया।
टॉप-3 में DHMC के विद्यार्थियों का दबदबा
BHMS द्वितीय वर्ष के परिणाम में कॉलेज के तीन विद्यार्थियों का प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहना संस्थान के लिए गौरव का विषय है। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से कॉलेज परिसर में खुशी का माहौल है। सफल विद्यार्थियों और अन्य परीक्षार्थियों में भी परीक्षा परिणाम को लेकर उत्साह और हर्ष का वातावरण रहा।
संस्था पदाधिकारियों ने दी बधाई
उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम पर डॉ. एस.एम. शर्मा मेमोरियल मेडिकल फाउंडेशन, रतलाम के संस्था संचालक नीरज त्रिवेदी, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. भरत पटेल, ट्रस्ट के पदाधिकारियों एवं समस्त टीचिंग स्टाफ ने टॉपर छात्र-छात्राओं सहित सभी उत्तीर्ण परीक्षार्थियों को बधाई दी।
