रतलाम ( ivnews ) विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ औद्योगिक क्षेत्र की वास्तविक कार्यप्रणाली से परिचित कराने के उद्देश्य से रॉयल इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड एडवांस्ड स्टडीज, रतलाम के विद्यार्थियों का इप्का, रतलाम के आईटी विभाग में औद्योगिक भ्रमण आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने कॉर्पोरेट आईटी सिस्टम, नेटवर्किंग, सर्वर, डेटा प्रबंधन और साइबर सुरक्षा से जुड़ी आधुनिक तकनीकों को करीब से समझा।
भ्रमण की शुरुआत इप्का के वरिष्ठ एचआर प्रबंधक नरेंद्र कॉर्पे द्वारा विद्यार्थियों एवं स्टाफ के परिचय से हुई। उन्होंने विद्यार्थियों को इप्का इंडस्ट्रीज की कार्यप्रणाली और विभिन्न गतिविधियों की जानकारी वीडियो के माध्यम से दी।
इसके बाद आईटी हेड जितेंद्र अग्रवाल एवं सहायक शुभम परमार ने विद्यार्थियों को आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर, कंप्यूटर नेटवर्किंग, सर्वर सिस्टम, सॉफ्टवेयर, डेटा प्रबंधन और साइबर सुरक्षा सहित विभिन्न तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी। विद्यार्थियों को यह भी बताया गया कि औद्योगिक एवं कॉर्पोरेट क्षेत्र में आईटी सिस्टम किस तरह महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और तकनीकी प्रणालियों का दैनिक कार्यप्रवाह में किस प्रकार उपयोग किया जाता है।
विशेषज्ञों से सीधे संवाद का मिला अवसर
औद्योगिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने तकनीकी विशेषज्ञों से सीधे संवाद किया और अपनी जिज्ञासाओं के उत्तर प्राप्त किए। इससे उन्हें कक्षा में सीखे गए सैद्धांतिक ज्ञान को वास्तविक कार्यक्षेत्र से जोड़ने का अवसर मिला। विद्यार्थियों ने आधुनिक आईटी सिस्टम और कॉर्पोरेट वातावरण को नजदीक से समझने के अनुभव को ज्ञानवर्धक बताया।
महाविद्यालय के प्रशासक दिनेश राजपुरोहित एवं विभागाध्यक्ष प्रो. दीपिका कुमावत ने इप्का के मार्गदर्शकों एवं अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में प्रो. निर्मल सिंह जाधव, प्रो. आंचल नागल एवं प्रो. नेहल पंचोली का विशेष सहयोग रहा। प्रशासक दिनेश राजपुरोहित ने कहा कि इस प्रकार के औद्योगिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक होने के साथ-साथ उन्हें भविष्य के कार्यक्षेत्र के लिए तैयार करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

By V meena

You missed

error: Content is protected !!