
रतलाम ( ivnews ) सैलाना थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब दैलतपुरा से बाइक पर लौट रहे तीन युवकों को भैरूघाटा के पास अज्ञात लोगों ने घेर लिया। आरोप है कि करीब 10 से 12 लोगों ने पहले युवकों पर पथराव किया और कुछ दूरी आगे रोककर पत्थरों व लाठियों से हमला कर दिया। हमले में तीनों युवक घायल हो गए। इनमें से दो युवकों की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि तीसरे का अस्पताल में उपचार जारी है।
पुलिस ने मामले में अज्ञात आरोपितों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वारदात के पीछे का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है।
मंगेतर से मिलने गए थे, लौटते समय हुआ हमला
जानकारी के अनुसार धबाईखेड़ी (अडवानिया) निवासी 18 वर्षीय रमेश पुत्र वरसिंह भाभर, गोपाल पुत्र गोवर्धन चरपोटा और करण पुत्र मनसुख मेड़ा तीनों बाइक से दैलतपुरा गए थे। घायल करण के मुताबिक, तीनों रमेश की मंगेतर से मिलने के लिए दैलतपुरा गए थे। मुलाकात के बाद वे बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे।
इसी दौरान भैरूघाटा के पास सड़क किनारे करीब 10 से 12 लोग मौजूद थे। युवकों के वहां से गुजरते ही लोगों ने अचानक उन पर पत्थर बरसाना शुरू कर दिया। युवकों ने बाइक की रफ्तार बढ़ाकर मौके से निकलने की कोशिश की, लेकिन कुछ दूरी आगे हमलावरों ने उन्हें रोक लिया।
इसके बाद युवकों पर पत्थरों और लाठियों से हमला कर दिया गया। अचानक हुए हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
डायल-112 पर दी सूचना, रास्ते में रमेश की मौत
हमले के बाद घायल करण किसी तरह वहां से निकलकर कुछ दूरी तक पहुंचा और डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस की मदद से तीनों घायलों को सैलाना लाया जा रहा था। इसी दौरान रमेश ने रास्ते में दम तोड़ दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल गोपाल को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। तीसरे घायल करण का उपचार जारी है।
हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस अब घटनास्थल और आसपास से मिले साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है।
फिलहाल हमले में शामिल किसी भी व्यक्ति की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस वारदात के कारण और हमले के पीछे की पूरी कहानी का पता लगाने के लिए जांच कर रही है।
