प्रतीकात्मक फोटो



रतलाम ( ivnews ) जमीन के एक विवाद ने ऐसा खूनी रूप लिया कि तीन परिवारों की खुशियां उजड़ गईं। शासकीय जमीन पर कब्जे को लेकर शुरू हुआ विवाद तीन लोगों की हत्या तक पहुंच गया। इस सनसनीखेज तिहरे हत्याकांड में करीब साढ़े छह साल बाद रतलाम न्यायालय ने बड़ा फैसला सुनाया है। अष्टम अपर सत्र न्यायाधीश निर्मल मंडोरिया ने 10 आरोपियों को दोषी करार देते हुए प्रत्येक को हत्या के मामले में सश्रम ट्रिपल आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। इसके साथ ही प्रत्येक आरोपी को 10 वर्ष के सश्रम कारावास और अर्थदंड से भी दंडित किया गया है।
पुलिस-प्रशासन की मौजूदगी में हुआ था जमीन का निरीक्षण
अभियोजन के अनुसार मामला थाना रावटी क्षेत्र के ग्राम गुंदीपाड़ा (नायन) का है। फरियादिया सीता कटारा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके पिता मोहन कटारा और नगला भाभर के परिवार के बीच शासकीय जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद चल रहा था।
5 जून 2020 को विवादित जमीन का मौका निरीक्षण करने के लिए पुलिस, पटवारी, ग्राम सरपंच और दोनों पक्षों के लोग मौके पर पहुंचे थे। पटवारी पूजा कसारा ने निरीक्षण के बाद दोनों पक्षों को समझाइश दी और पंचनामा पर हस्ताक्षर कराने के लिए पंचायत भवन बुलाया।
पंचायत भवन जाते समय रास्ते में किया हमला
आरोप था कि पंचायत भवन की ओर जा रहे मोहन कटारा और उनके परिजनों पर दोपहर करीब 1:15 बजे आरोपियों ने हमला कर दिया। आरोपियों के पास तलवार और लट्ठ थे। हमले में मोहन कटारा और रावजी कटारा को भी चोटें आईं।
इसी दौरान शंकर कटारा, मगन कटारा और गुलाब कटारा को निशाना बनाया गया। हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें ट्रैक्टर-ट्रॉली से रतलाम जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
लंबी जांच और सुनवाई के बाद आया फैसला
घटना के बाद थाना रावटी पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस ने आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में चालान प्रस्तुत किया। मामले की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने मौखिक, दस्तावेजी, वैज्ञानिक और चिकित्सकीय साक्ष्य प्रस्तुत किए। इन साक्ष्यों के आधार पर न्यायालय ने 28 नवंबर 2026 को 10 आरोपियों को दोषसिद्ध घोषित किया।
इन 10 आरोपियों को सुनाई गई सजा
न्यायालय ने लक्ष्मण, कांतिलाल उर्फ कांतु, बापु, सेतु, देवला, शंभु पिता वरसिंह, बाबु, नेपु उर्फ मांगु, शंभु पिता देवा और गबरु उर्फ गवरसिंह, सभी निवासी ग्राम गुंदीपाड़ा (नायन), थाना रावटी को सजा सुनाई।
सजा का विवरण:
धारा 302 भादवि के तहत प्रत्येक आरोपी को सश्रम ट्रिपल आजीवन कारावास और 4-4 हजार रुपये अर्थदंड।
धारा 307 भादवि के तहत प्रत्येक आरोपी को 10-10 वर्ष का सश्रम कारावास और 2-2 हजार रुपये अर्थदंड।
शासन की ओर से इस पांच वर्ष से अधिक पुराने चिन्हित जघन्य एवं सनसनीखेज प्रकरण में विशेष लोक अभियोजक गोल्डन राय ने सफल पैरवी की। उपनिदेशक अभियोजन आशा शाक्यवार ने फैसले की जानकारी दी।

By V meena

You missed

error: Content is protected !!