
रतलाम (IVNEWS)। मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ रतलाम पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए डोडाचूरा तस्करी के आरोपी विवेक पोरवाल की करीब 8 करोड़ 90 लाख रुपये मूल्य की संपत्तियों को फ्रीज करने के आदेश की पुष्टि करवा ली है। सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक, SAFEMA/NDPSA मुंबई (वित्त मंत्रालय, राजस्व विभाग) ने 11 नवंबर 2026 को NDPS एक्ट की धारा 68F(2) के तहत संपत्ति फ्रीज करने के आदेश की पुष्टि की है।
पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के अवैध कारोबार से अर्जित काली कमाई पर बड़ी चोट माना जा रहा है। अब पुलिस का निशाना केवल नशे के कारोबार में लिप्त आरोपियों तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके जरिए अवैध रूप से अर्जित की गई संपत्तियों पर भी शिकंजा कसा जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल के मार्गदर्शन में एनडीपीएस एक्ट के तहत अवैध संपत्तियों को फ्रीज कराने की कार्रवाई लगातार की जा रही है। इसी क्रम में थाना रिंगनोद पुलिस ने ग्राम ढोढर निवासी विवेक पिता प्रहलाद पोरवाल की संपत्तियों को फ्रीज कराने के लिए वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर प्रकरण SAFEMA प्राधिकरण के समक्ष प्रस्तुत किया था।
1900 किलो डोडाचूरा के साथ पकड़ा गया था आरोपी
पुलिस के अनुसार विवेक पोरवाल को 23 सितंबर 2022 को लगभग 1900 किलोग्राम डोडाचूरा (पॉपी स्ट्रॉ) की जब्ती के मामले में गिरफ्तार किया गया था। इस संबंध में थाना रिंगनोद में अपराध क्रमांक 172/2022 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 में प्रकरण दर्ज किया गया था।
इस मामले में विशेष न्यायाधीश (एनडीपीएस), ग्वालियर ने 24 मार्च 2026 को निर्णय सुनाते हुए आरोपी विवेक पोरवाल को 14 वर्ष के सश्रम कारावास एवं एक लाख रुपये के अर्थदंड से दंडित किया था।
संपत्तियों की कीमत 8.90 करोड़ रुपये
सफेमा प्राधिकरण द्वारा फ्रीजिंग आदेश की पुष्टि के बाद आरोपी की तीन संपत्तियों का कुल मूल्य लगभग 8 करोड़ 90 लाख रुपये बताया गया है। इनमें कृषि भूमि और आवासीय भूखंड शामिल हैं।
फ्रीज की गई संपत्तियों का विवरण—-
- कृषि भूमि: सर्वे नंबर 1520/1, 1421/2/1, 1422/2/1, 1422/3, 1421/2/2, 1411/2, 1420/2, 1422/2/2, 751/2, 752, 753, 755/3, 846/2, 491/1, 491/3, 495, 849, 1512/2 एवं 496/1 की कृषि भूमि, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 7 करोड़ 50 लाख रुपये है।
- आवासीय भूमि: भूखंड क्रमांक 334, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ रुपये है।
कार्रवाई में इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में निरीक्षक जितेंद्र सिंह जादौन, सहायक उपनिरीक्षक दिनेश चंद्र नागर, प्रधान आरक्षक मनीषा पाटीदार एवं आरक्षक नरेंद्र सिंह की सराहनीय भूमिका रही।
100 करोड़ से अधिक की संपत्तियों पर कार्रवाई की तैयारी
पुलिस के अनुसार मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों के विरुद्ध अब तक 100 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की संपत्तियों को फ्रीज कराने के लिए प्रकरण SAFEMA कोर्ट भेजे जा चुके हैं। इनमें से लगभग 48 करोड़ 14 लाख रुपये मूल्य की संपत्तियों को फ्रीज करने के आदेश जारी हो चुके हैं।
पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध आपराधिक कार्रवाई के साथ-साथ उनकी अवैध कमाई से बनाई गई संपत्तियों पर भी कानूनी शिकंजा कसा जाएगा। आने वाले दिनों में ऐसे अन्य लोगों को भी चिह्नित कर उनकी संपत्तियों को फ्रीज कराने की कार्रवाई की जाएगी।
रतलाम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार की आर्थिक जड़ों पर प्रहार करने का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
