
रतलाम ( ivnews ) डॉ. लक्ष्मीनारायण पाण्डे शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने और मरीजों को राहत देने के उद्देश्य से कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने व्यवस्थाओं की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अस्पताल में दवाओं की उपलब्धता, जांच सुविधाओं के विस्तार और नई चिकित्सा इकाइयों की शुरुआत को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मंत्री काश्यप ने जनहित को प्राथमिकता देते हुए मेडिकल कॉलेज परिसर में रेडक्रास के माध्यम से जल्द जन औषधि केंद्र शुरू करने के निर्देश दिए। इससे मरीजों और उनके परिजनों को सस्ती दरों पर दवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। वहीं, अस्पताल में सिटी स्कैन की सुविधा शुरू करने में आ रही रेडियोलॉजिस्ट की कमी को दूर करने के लिए निजी रेडियोलॉजिस्ट की सेवाएं लेने के संबंध में शासन को पत्र लिखने का निर्णय लिया गया। मंत्री ने इस मामले में जल्द अनुमति दिलाने के लिए शासन स्तर पर प्रयास करने का आश्वासन दिया।
एमबीबीएस की सीटें बढ़कर हुईं 200
बैठक में मेडिकल कॉलेज की डीन डॉ. अनिता मूथा ने कॉलेज एवं अस्पताल के संचालन और व्यवस्थाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस सत्र से मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की 20 सीटें बढ़ाई गई हैं। इसके चलते अब 180 के स्थान पर 200 विद्यार्थियों को प्रवेश दिया गया है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में एमआरआई जांच सुविधा शुरू करने के लिए शासन से स्वीकृति प्राप्त करने की प्रक्रिया चल रही है।
डीन ने यह भी जानकारी दी कि नर्सिंग कॉलेज का भवन तैयार हो चुका है। बैठक में आयुष्मान भारत योजना के क्रियान्वयन तथा मेडिकल कॉलेज परिसर में लोकार्पित होने वाली विभिन्न यूनिटों के संबंध में भी चर्चा की गई।
पीपीपी मोड पर शुरू होगी कैथ लैब
मरीजों को हृदय संबंधी बीमारियों के बेहतर उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की घोषणा के अनुरूप मेडिकल कॉलेज में पीपीपी मोड पर कैथ लैब (कार्डियक यूनिट) शुरू करने की दिशा में भी पहल की जा रही है। मंत्री काश्यप ने इसके लिए जल्द निविदा प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए, ताकि इस महत्वपूर्ण चिकित्सा सुविधा को जल्द धरातल पर उतारा जा सके।
ऑक्सीजन प्लांट के रखरखाव के भी दिए निर्देश
बैठक में मंत्री काश्यप ने अस्पताल में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही दवाओं की जानकारी ली और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कोरोना काल के दौरान उनके फाउंडेशन की ओर से मेडिकल कॉलेज को उपलब्ध कराए गए ऑक्सीजन प्लांट के उचित रखरखाव को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में महापौर प्रहलाद पटेल, रोगी कल्याण समिति सदस्य एवं आरडीए अध्यक्ष मनोहर पोरवाल, उपाध्यक्ष गोविंद काकानी तथा एल्डरमेन हेमंत राहोरी सहित अन्य संबंधित उपस्थित रहे।
कुल मिलाकर मेडिकल कॉलेज में जन औषधि केंद्र, सिटी स्कैन, एमआरआई और कैथ लैब जैसी सुविधाओं को लेकर हुई यह पहल रतलाम सहित आसपास के क्षेत्रों के मरीजों के लिए राहत देने वाली साबित हो सकती है।
