रतलाम ( ivnews ) जिले में नशे के खिलाफ चल रही पुलिस की मुहिम में सरवन थाना क्षेत्र से एक बड़ा मामला सामने आया है। ग्राम उण्डेर में पहाड़ी किनारे शासकीय भूमि पर कपास और मक्का की फसल के बीच चोरी-छिपे गांजे की खेती की जा रही थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दबिश देकर अवैध खेती का भंडाफोड़ कर दिया।
पुलिस टीम ने मौके से 2,948 हरे गांजे के पौधे जब्त किए हैं। जब्त पौधों का कुल वजन करीब 724 किलोग्राम बताया गया है। पुलिस के अनुसार जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 70 लाख है।
कपास-मक्का के बीच छिपाया था गांजे का खेत
पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम उण्डेर क्षेत्र में शासकीय भूमि पर अवैध रूप से गांजे की खेती की जा रही है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में सरवन, सैलाना और बाजना थानों की संयुक्त टीमों ने क्षेत्र में सर्चिंग शुरू की।
पहाड़ी किनारे स्थित खेतों और आसपास के इलाके में तलाशी के दौरान पुलिस को कपास और मक्का की फसल के बीच बड़ी संख्या में गांजे के पौधे दिखाई दिए। इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई करते हुए 2,948 पौधों को उखड़वाकर जब्त किया गया।
जमीन सरकारी, लेकिन खेती किसकी? जांच में जुटी पुलिस
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गांजे की खेती शासकीय भूमि पर की जा रही थी। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि सरकारी जमीन पर कब्जा कर अवैध खेती कौन कर रहा था और इस पूरे कारोबार के पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हैं।
पुलिस द्वारा खेती करने वाले व्यक्तियों की पहचान के साथ-साथ गांजे की खेती से जुड़े संभावित नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। साक्ष्य मिलने पर संबंधित लोगों को आरोपी बनाकर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
NDPS एक्ट में कार्रवाई
मामले में पुलिस ने धारा 8/20 NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच के दौरान यह भी पता लगाया जा रहा है कि गांजे की खेती के पीछे कोई संगठित नेटवर्क तो सक्रिय नहीं था।
नशे के स्रोत पर पुलिस का वार
रतलाम पुलिस का फोकस अब केवल नशीले पदार्थों की तस्करी पकड़ने तक सीमित नहीं है, बल्कि नशे के उत्पादन के स्रोत तक पहुंचने पर भी है। इसी कड़ी में शासकीय जमीन पर चल रही गांजे की अवैध खेती के खिलाफ यह कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जिले में नशे की खेती, तस्करी और अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी सरवन निरीक्षक अर्जुन सेमलिया, थाना प्रभारी सैलाना निरीक्षक पिंकी आकाश, थाना प्रभारी बाजना निरीक्षक रविन्द्र दण्डोतिया, उप निरीक्षक खान, उप निरीक्षक जी.एल. भूरिया, सैलाना अनुभाग के पुलिस स्टाफ एवं साइबर टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

By V meena

You missed

error: Content is protected !!