रतलाम, ( ivnews ) जिला फुटबॉल संघ रतलाम की नई कार्यकारिणी का गठन निर्विरोध कर दिया गया है। चुनाव अधिकारी एवं सेवानिवृत्त प्राचार्य सर्वेश माथुर की देखरेख में संपन्न चुनाव प्रक्रिया के बाद नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई। संघ का दावा है कि निर्वाचन नेशनल स्पोर्ट्स गवर्नेंस एक्ट 2025 एवं स्पोर्ट्स रेगुलेशन 2026 के प्रावधानों के अनुरूप किया गया।
12 दिनों तक चली चुनाव प्रक्रिया
जिला फुटबॉल संघ की चुनाव प्रक्रिया करीब 12 दिनों तक चली। इस दौरान जिले के विभिन्न फुटबॉल क्लबों को चुनाव संबंधी सूचना देने, इच्छुक प्रत्याशियों की सूची जारी करने, नाम वापसी तथा अंतिम प्रत्याशी सूची जारी करने सहित सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी की गईं। इसके बाद सभी पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ।
शांतिलाल वर्मा अध्यक्ष, राजेश कौशल सचिव
नई कार्यकारिणी में शांतिलाल वर्मा को अध्यक्ष और राजेश कौशल को सचिव चुना गया है। वहीं रवि वर्मा को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उपाध्यक्ष पद पर शादाब खान का चयन किया गया है। कार्यकारिणी सदस्य के रूप में जैमिन प्रजापति, पक्षसाल बरमेचा, प्रदीप राठौर, किरण महावर, सरिन खान, जितेंद्र वर्मा एवं दीपेश कौशल को शामिल किया गया है।
चार वर्ष रहेगा कार्यकाल
नई कार्यकारिणी का कार्यकाल चार वर्ष का रहेगा। कार्यकारिणी के गठन के बाद जिले में फुटबॉल गतिविधियों को और अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी तरीके से संचालित करने, खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने तथा फुटबॉल को बढ़ावा देने की उम्मीद जताई जा रही है।
संघ की नई टीम के सामने जिले में फुटबॉल प्रतियोगिताओं के आयोजन, क्लबों के बीच बेहतर समन्वय और स्थानीय खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने की दिशा में काम करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी रहेगी।

By V meena

error: Content is protected !!