
रतलाम (IV News)। आगामी त्योहारों को देखते हुए खाद्य पदार्थों में गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में आलोट में प्रशासन की संयुक्त टीम ने मिठाई दुकानों पर आकस्मिक जांच करते हुए विभिन्न खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए। कार्रवाई के दौरान एक मिष्ठान भंडार से घरेलू गैस सिलेंडर भी जब्त किया गया।
कलेक्टर के आदेश एवं एसडीएम आलोट के निर्देशन में नायब तहसीलदार हेमलता डिंडोर, खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश जमरा एवं कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी मोहित की टीम ने शहर की मिठाई दुकानों का निरीक्षण किया।
जोधपुर स्वीट्स और बीकानेर मिष्ठान भंडार से लिए सैंपल
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने कारगिल चौराहा स्थित जोधपुर स्वीट्स का निरीक्षण कर वहां से घी, मिठाई, घेवर, सोन पपड़ी और रसगुल्ले के नमूने लिए। वहीं संजय चौक स्थित श्री बीकानेर मिष्ठान भंडार से मिठाई, पेड़े, सोन पपड़ी और रसगुल्ले के सैंपल लिए गए।
टीम ने दोनों प्रतिष्ठानों पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, रख-रखाव और स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया।
बीकानेर मिष्ठान भंडार से घरेलू गैस सिलेंडर जब्त
जांच के दौरान कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी मोहित ने श्री बीकानेर मिष्ठान भंडार से घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किया। अधिकारियों ने प्रतिष्ठान संचालकों को परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने तथा खाद्य पदार्थों का निर्माण, संग्रहण और विक्रय निर्धारित गुणवत्ता एवं स्वच्छता मानकों के अनुरूप करने के निर्देश दिए।
भोपाल की प्रयोगशाला में होगी जांच
प्रशासन द्वारा लिए गए सभी खाद्य पदार्थों के नमूनों को राज्य खाद्य प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जाएगा। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के संबंध में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान उपभोक्ताओं को गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने और मिलावटी अथवा गुणवत्ताहीन खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए जांच और कार्रवाई का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।
