
रतलाम ( ivnews )
रतलाम जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कालूखेड़ा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 2 किलो 495 ग्राम MD ड्रग्स की खेप जब्त की है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 2.50 करोड़ रुपए है। तस्करी में प्रयुक्त हुंडई क्रेटा कार की कीमत करीब 20 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस ने कुल करीब 2.70 करोड़ रुपए का मशरूका बरामद किया है।
नाकाबंदी देखकर कार भगाई, जंगल में छोड़कर भागे आरोपी
पुलिस के अनुसार 25 अगस्त को चौकी मावता प्रभारी उप निरीक्षक दिनेश राठौर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि काले रंग की हुंडई क्रेटा कार क्रमांक RJ 27 CP 3608 में लखन पिता भेरुलाल मीणा निवासी भाकरखेड़ी और उसके तीन साथी बड़ी मात्रा में MD ड्रग्स लेकर बेहपुर-मंदसौर की ओर से मावता होते हुए रियावन की तरफ जाने वाले हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रानीगांव फंटे पर नाकाबंदी की। कुछ समय बाद संदिग्ध क्रेटा कार आती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने कार को तेज गति से रियावन की ओर भगा दिया।
पुलिस टीम ने पीछा किया तो आरोपी कार को रियावन से चिपिया होते हुए बिलंदपुर जाने वाले कच्चे रास्ते की ओर ले गए। जंगल और उबड़-खाबड़ रास्ते के बीच आरोपियों ने क्रेटा कार छोड़ दी और लखन मीणा सहित चारों आरोपी झाड़ियों एवं जंगल की ओर भाग गए। पुलिस ने आसपास के खेतों और झाड़ियों में सर्चिंग की, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी फरार होने में सफल रहे।
ड्राइवर सीट के नीचे छिपाकर रखी थी ड्रग्स
पुलिस ने पंचों की मौजूदगी में छोड़ी गई क्रेटा कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान ड्राइवर सीट के नीचे हरे रंग के कपड़े की एक थैली मिली। इसके अंदर तीन पारदर्शी प्लास्टिक की थैलियां रखी थीं, जिनमें हल्के भूरे रंग का डल्लीनुमा/क्रिस्टलनुमा पदार्थ मिला।
नियमानुसार जांच और पहचान की कार्रवाई के बाद पदार्थ को MD ड्रग्स पाया गया। इलेक्ट्रॉनिक कांटे से तौल करने पर तीनों पैकेटों में कुल 2 किलो 495 ग्राम MD ड्रग्स मिली।
पुलिस ने मादक पदार्थ को विधिवत पैक कर सीलबंद करते हुए जब्त कर लिया।
सप्लायर और पूरे नेटवर्क की जांच शुरू
मामले में लखन मीणा, क्रेटा कार चालक और उसके दो अन्य साथियों के खिलाफ धारा 8/22 NDPS एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश के साथ ही MD ड्रग्स के स्रोत, सप्लायर, संभावित खरीदार और पूरे सप्लाई नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर दबिश और सर्चिंग की जा रही है।
जब्त मशरूका
MD ड्रग्स: 2 किलो 495 ग्राम — अनुमानित कीमत ₹2.50 करोड़
हुंडई क्रेटा कार: अनुमानित कीमत ₹20 लाख
कुल अनुमानित कीमत: ₹2.70 करोड़
फरार आरोपी
लखन पिता भेरुलाल मीणा, निवासी भाकरखेड़ी, थाना कालूखेड़ा, जिला रतलाम
क्रेटा कार चालक — नाम एवं पता अज्ञात
अन्य दो साथी — नाम एवं पता अज्ञात
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी कालूखेड़ा निरीक्षक शंकरसिंह चौहान, चौकी मावता प्रभारी उप निरीक्षक दिनेश राठौर सहित प्रधान आरक्षक विजय निनामा, आरक्षक यशवंत जाट, नितीन जोशी, हिम्मतसिंह चौहान, पवन जाट, कमलेश बुनकर, राजपालसिंह, अनिल पाटीदार, लक्ष्मणसिंह एवं महिला आरक्षक योगिता की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
