
रतलाम भाजपा की आंतरिक कलह थमने का नाम नही ले रही है। जिला भाजपा ने अपनी ही पार्टी के एक पूर्व पार्षद को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है। नोटिस जारी करने की वजह पूर्व पार्षद के जन्मदिन पर उनके समर्थकों द्वारा शहर में लगाये गए होर्डिंग्स है। इससे भाजपा की राजनीतिक में बवंडर मच गया है।

मामला भाजपा के पूर्व पार्षद अरुण राव के 30 अप्रैल को जन्मदिन पर उनके समर्थकों द्वारा लगाये गए होडिंग्स का है। होर्डिंग्स में अरुण राव के समर्थकों ने शहर का विधायक कैसा हो अरुण राव जैसा हो स्लोगन लिखा और कमल का निशान लगाया था। जिला भाजपा ने इसको आपत्तिजनक मानते हुए भाजपा के पूर्व पार्षद अरुण राव को नोटिस जारी करते हुए अनुशासनहीनता मानते हुए तीन दिन में जवाब देने को कहा है।
अपने को पार्टी की ओर से मिले कारण बताओ नोटिस पर भाजपा के पूर्व पार्षद अरुण राव ने कहा कि मेरे जन्मदिन पर अगर मेरे चाहने वालो ने कोई होर्डिंग्स लगाये है तो उसके लिए में कैसे जिम्मेदार हो सकता हु।
इस मामले पर भाजपा जिला अध्यक्ष राजेन्द्रसिंह लुनेरा का कहना है कि उन्होंने प्रदेश भाजपा को मामले से अवगत कराया था। वहां से मिले दिशा निर्देश के बाद ही नोटिस दिया गया है। टिकट की दावेदारी करने का हक सबको है लेकिन उचित फोरम पर की जाना चाहिए। इस तरह से सावर्जनिक रूप से करना गलत है। नोटिस का जवाब तीन दिन में देना है। जवाब आने के बाद प्रदेश को अवगत करा दिया जाएगा। वही से मिले दिशा निर्देश पर आगे करवाई की जाएगी।