नीमच। नीमच जिले के मनासा तहसील के ग्राम रावलकुडी में मंगलवार शाम भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। इससे कई वाहनों के कांच भी फूट गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने पहले जन आशीर्वाद यात्रा के साथ के वाहनों को भी रोक लिया। सोमवार को जिला मुख्यालय से भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा शुरू हुई थी, जो जावद होती हुई मनासा पहुंची थी।


इसमें भाजपा के कई बड़े नेता भी शामिल थे। मनासा विधानसभा के रामपुरा क्षेत्र के ग्राम रावलकुडी में ग्रामीणों ने चीता प्रोजेक्ट का विरोध करते हुए जन आशीर्वाद यात्रा के वाहन सहित सभी वाहनों को रोक लिया। इस दौरान पुलिस लोगों को आगे से हटाती दिखी।
आरोप , कांग्रेस ने करवाया हमला
यात्रा के प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय, उच्च शिक्षा मंत्री मोहन यादव, बंशीलाल गुर्जर और मनासा विधायक माधव मारू भी यात्रा के साथ थे। भाजपा नेताओं का आरोप है कि कांग्रेस ने ये हमला कराया है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने मीडिया  को बताया – ‘हमारी यात्रा आगे बढ़ रही थी। मनासा और रामपुरा में यात्रा का जोरदार स्वागत हुआ। रामपुरा के आगे रावली कुड़ी गांव में कुछ लोगों ने पशुओं को जाने नहीं देने को लेकर फॉरेस्ट के लोगों की शिकायत की। हमने उन्हें समस्या हल करने का भरोसा दिया और आगे बढ़ गए। तभी 15 से 20 लोगों ने जय कमलनाथ के नारे लगाते हुए पत्थरबाजी शुरू कर दी। हमें समझ ही नहीं आया कि हो क्या रहा है। पुलिस उन्हें रोकती तब तक कई वाहनों के कांच फूट गए।’

  • वीडी का आरोपप्लानिंग के साथ किया हमला
    भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा का आरोप है कि कांग्रेस के अपराधियों और गुंडों ने यात्रा पर पथराव किया है। वीडी ने कहा कि जन आशीर्वाद यात्रा को मिल रहे अपार जनसमर्थन से कांग्रेस घबरा गई है। प्लानिंग के साथ पेड़ों के पीछे छिपकर यात्रा पर हमला किया गया है। वीडी शर्मा ने कहा कि इसका जवाब दिया जाएगा। ऐसे गुंडे लोगों को छोड़ेंगे नहीं। कांग्रेस का यह कृत्य दुर्भाग्य जनक है। इसकी कड़ी आलोचना करता हूं। यात्रा और सफलता के साथ आगे बढ़ेगी। यह गुंडागर्दी किसी भी कीमत पर चलने नहीं देंगे।

By V meena

You missed

error: Content is protected !!