
रतलाम (IVNEWS)। छोटे शहरों के विद्यार्थियों को देश की प्रतिष्ठित कॉर्पोरेट कंपनियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में रतलाम ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। श्री योगीन्द्र सागर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस (SYSITS), रतलाम में पहली बार टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) के वॉक-इन रिक्रूटमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया। 23 अक्टूबर 2026 को आयोजित इस भर्ती अभियान में 150 से अधिक विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से कुल 15 विद्यार्थियों का चयन हुआ। खास बात यह रही कि चयनित विद्यार्थियों में SYSITS के सात विद्यार्थी शामिल हैं।
इस आयोजन ने रतलाम सहित आसपास के क्षेत्रों के युवाओं को प्रतिष्ठित कंपनी में करियर बनाने का अवसर उपलब्ध कराया। साथ ही यह भी साबित किया कि प्रतिभा और योग्यता के दम पर छोटे शहरों के विद्यार्थी भी बड़े कॉर्पोरेट संस्थानों तक अपनी पहुंच बना सकते हैं।
BPS पद के लिए हुई चयन प्रक्रिया
TCS द्वारा आयोजित इस भर्ती अभियान में BPS (Back Office Operations – Data Processing Transactions) पद के लिए विद्यार्थियों की चयन प्रक्रिया संपन्न कराई गई। इसमें TCS की भर्ती टीम के आठ प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। टीम में HR प्रतिनिधि श्रीमती महिमा भदौरिया, श्री निहाल वालेचा, सुश्री आयुषी भार्गव एवं श्री प्रांजल कल्याणे शामिल रहे। वहीं पैनल सदस्य के रूप में वरिष्ठ प्रबंधक श्री उचित पटेल, श्री सावन कुमार शर्मा, श्री गौरव शर्मा एवं श्री धर्मवीर सिंह ने चयन प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
SYSITS के सात विद्यार्थियों ने हासिल की सफलता
इस भर्ती अभियान में SYSITS, रतलाम के सात विद्यार्थियों ने चयनित होकर संस्थान का गौरव बढ़ाया। चयनित विद्यार्थियों में जिया बैरागी, ईशा कटारिया, पीयूष राणा, नाज़नीन खान, सोनल तंवर, भोलेश्वर बैरागी एवं माहिर खान शेरानी शामिल हैं।
इसके अलावा अन्य महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने भी चयन प्रक्रिया में सफलता हासिल की। इनमें शासकीय गर्ल्स कॉलेज, रतलाम की मितिशा मीणा, शासकीय भगत सिंह कॉलेज, जावरा के अनवर हुसैन, अरिहंत कॉलेज, रतलाम के प्रथम राव, दिव्यांश सिंह एवं वेदांशी गेहलोत तथा शासकीय पीजी आर्ट्स एंड साइंस कॉलेज, रतलाम की प्रभा सोलंकी शामिल हैं। वहीं इंदौर के महाविद्यालयों से गौतम थड़ा एवं कमलेश प्रजापत का भी चयन हुआ।
इस प्रकार रतलाम, जावरा और इंदौर के विभिन्न महाविद्यालयों के कुल 15 विद्यार्थियों ने प्रतिष्ठित कंपनी की चयन प्रक्रिया में सफलता प्राप्त की।
T&P सेल की सक्रिय पहल से साकार हुआ आयोजन
रतलाम में पहली बार TCS के वॉक-इन रिक्रूटमेंट ड्राइव का आयोजन संस्थान के नेतृत्व, प्रबंधन के सहयोग और ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट (T&P) सेल की सक्रिय पहल का परिणाम रहा।
संस्थान के निदेशक डॉ. लोकेन्द्र विक्रम सिंह के मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन तथा डीन एकेडमिक्स प्रो. गोविंद झंवर के सहयोग से इस पहल को साकार किया गया। वहीं T&P सेल के समन्वयक प्रो. बलविंदर सिंह गुरदत्ता ने TCS के साथ निरंतर संपर्क और समन्वय स्थापित करने से लेकर भर्ती अभियान की तैयारियों तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उन्होंने विद्यार्थियों तक भर्ती की जानकारी पहुंचाने, पंजीकरण के लिए प्रेरित करने, प्रचार-प्रसार और नियमित फॉलोअप के लिए सक्रिय प्रयास किए। साथ ही रतलाम, जावरा और इंदौर के विभिन्न महाविद्यालयों तक इस अवसर की जानकारी पहुंचाकर अधिक से अधिक विद्यार्थियों को भर्ती प्रक्रिया से जोड़ने का प्रयास किया।
प्रबंधन ने दी T&P सेल को बधाई
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर संस्थान के सहसंचालक श्री उमेश शर्मा एवं श्री वरदान शर्मा ने आयोजन की सफलता के लिए T&P सेल को बधाई दी। उन्होंने विद्यार्थियों के प्लेसमेंट के लिए भविष्य में भी इसी प्रकार सक्रिय और निरंतर प्रयास जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही आयोजन में सहयोग देने वाले प्राध्यापकों, विभिन्न समितियों और SYSITS परिवार के सभी सदस्यों के योगदान की सराहना की।
छोटे शहरों की प्रतिभाओं को बड़े अवसरों से जोड़ने की पहल
TCS के इस भर्ती अभियान को केवल 15 विद्यार्थियों के चयन तक सीमित उपलब्धि नहीं माना जा रहा, बल्कि यह छोटे शहरों के युवाओं को बड़े कॉर्पोरेट अवसरों से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में प्रतिष्ठित कंपनियों की चयन प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर प्रदान करते हैं और उनके आत्मविश्वास को भी बढ़ाते हैं।
SYSITS का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल डिग्री तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उन्हें आवश्यक कौशल, रोजगार के अवसर और बेहतर भविष्य की दिशा में तैयार करना है। शिक्षा से कौशल, कौशल से रोजगार और रोजगार से सशक्त भविष्य की सोच के साथ संस्थान द्वारा रोजगारोन्मुखी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है।
यह जानकारी संस्थान के सहसंचालक श्री उमेश शर्मा द्वारा जारी की गई।
