
रतलाम (IV News)। विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास, जीवन कौशल और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रॉयल कॉलेज (रॉयल इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड एडवांस्ड स्टडीज) के कॉमर्स एवं मैनेजमेंट विभाग द्वारा आयोजित विशेष कार्यक्रम ‘IGNITE – The Beginning’ का भव्य एवं सफल समापन हुआ।
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों के अनुभवी विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को जीवन में सफलता हासिल करने के लिए समय प्रबंधन, लक्ष्य निर्धारण, नियमितता, अनुशासन, साइबर सुरक्षा और अपराध नियंत्रण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन दिया। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को न केवल बेहतर करियर बनाने, बल्कि एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में समाज के प्रति अपनी भूमिका निभाने के लिए भी प्रेरित किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नशे के दुष्प्रभाव, नारकोटिक्स, साइबर फ्रॉड और अपराध नियंत्रण जैसे गंभीर एवं समसामयिक विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने और डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग करते समय सतर्कता बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि आज के दौर में साइबर अपराध के तरीके लगातार बदल रहे हैं, ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति को जागरूक रहना आवश्यक है।
उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति साइबर अपराध या किसी अन्य संकट का शिकार होता है, तो उसकी मदद के लिए आगे आएं और तत्काल पुलिस अथवा संबंधित अधिकारियों को सूचना दें। किसी पीड़ित व्यक्ति और परिवार की सहायता करना भी समाज के प्रति हमारी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में रतलाम पब्लिक स्कूल की प्राचार्य डॉ. संयोगिता सिंह एवं पूर्व निदेशक, जन शिक्षण संस्थान श्रीमती कल्पना पुरोहित उपस्थित रहीं।
डॉ. संयोगिता सिंह ने समय एवं जीवन प्रबंधन विषय पर अपने विचार रखते हुए विद्यार्थियों को समय के महत्व, अनुशासन और जीवन में प्राथमिकताएं तय करने की सीख दी। उन्होंने बताया कि समय का सही नियोजन और उसका सदुपयोग व्यक्ति को अपने लक्ष्य तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
वहीं श्रीमती कल्पना पुरोहित ने जीवन का लक्ष्य एवं नियमितता विषय पर प्रेरक मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करना जितना जरूरी है, उतना ही आवश्यक है उस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास और नियमितता बनाए रखना।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
विशेषज्ञों के प्रेरणादायक उद्बोधनों के बाद कार्यक्रम में विद्यार्थियों की प्रतिभा और रचनात्मकता का रंगारंग प्रदर्शन देखने को मिला। कॉमर्स एवं मैनेजमेंट विभाग के विद्यार्थियों ने आकर्षक ड्रामा, लोकनृत्य एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों एवं प्राध्यापकों का मन मोह लिया और कार्यक्रम में उत्साहपूर्ण माहौल बना दिया।
प्राध्यापकों एवं स्टाफ की रही विशेष सहभागिता
इस अवसर पर कॉलेज के विभिन्न विभागों के प्रमुख एवं प्राध्यापकगण विशेष रूप से उपस्थित रहे। इनमें एजुकेशन विभाग की प्राचार्या डॉ. आर.के. अरोड़ा, कॉमर्स विभागाध्यक्ष डॉ. अमित शर्मा, मैनेजमेंट विभागाध्यक्ष प्रो. मृदुला उपाध्याय, लाइफ साइंस विभागाध्यक्ष प्रो. कपिल केरोल, साइंस विभागाध्यक्ष प्रो. दीपिका कुमावत सहित मैनेजमेंट एवं कॉमर्स विभाग से डॉ. हिमांशु बैरागी, प्रो. कमल पाटीदार, प्रो. प्रियंका दवे, प्रो. यक्षेंद्र हरोर, प्रो. मीनाक्षी गोयल, प्रो. कहकशा चिश्ती, प्रो. राजलक्ष्मी जैन एवं प्रो. अदिति पारीक उपस्थित रहीं। सभी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम का प्रभावशाली एवं आकर्षक मंच संचालन विभाग के विद्यार्थियों द्वारा किया गया। अंत में रॉयल कॉलेज के प्रशासक श्री दिनेश राजपुरोहित ने सभी अतिथियों, वक्ताओं, प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। साथ ही आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले समस्त स्टाफ सदस्यों के सहयोग की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
