Oplus_16908288


रतलाम ( ivnews ) नामली थाना क्षेत्र में शनिवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब पुलिस ने बिना नंबर की क्रेटा कार को रोककर तलाशी ली। कार के अंदर एक बोरा मिला। बोरा खोला गया तो उसमें 100, 200 और 500 रुपए के नोटों की गड्डियां देखकर पुलिस भी हैरान रह गई।
प्रारंभिक तौर पर नकदी की रकम करीब 70 से 75 लाख रुपए होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने कार और नकदी को जब्त कर नामली थाने पहुंचाया, जहां देर रात तक रकम की गिनती का सिलसिला जारी रहा।
दो मशीनों से गिने जा रहे नोट
बड़ी मात्रा में नकदी होने के कारण पुलिस ने नोटों की गिनती के लिए दो नोट गिनने वाली मशीनें मंगवाईं। बताया जा रहा है कि ये मशीनें नामली के सराफा व्यापारियों से मंगाई गई हैं। थाना प्रभारी के चैंबर में पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में नोटों की गिनती की जा रही है।
नकदी की मात्रा अधिक होने के चलते पुलिस ने गिनती की प्रक्रिया को गोपनीय रखा है। चैंबर में बाहरी लोगों के प्रवेश पर भी रोक लगाई गई है।
पंचेड़ फंटे पर पकड़ी गई कार
पुलिस के मुताबिक शनिवार शाम पंचेड़ फंटे पर बिना नंबर की क्रेटा कार को रोका गया था। तलाशी के दौरान कार में बोरा दिखाई दिया। पुलिस ने बोरा खोलकर देखा तो उसमें बड़ी मात्रा में नकदी की गड्डियां रखी हुई थीं। इसके बाद कार और नकदी को जब्त कर थाने लाया गया।
किसकी है इतनी बड़ी रकम? कहां जा रही थी?
मामले में सबसे बड़ा सवाल यही है कि इतनी बड़ी रकम आखिर किसकी है और इसे कार में कहां ले जाया जा रहा था? पुलिस अब इन सवालों के जवाब तलाश रही है। नकदी के स्रोत और कार में रकम ले जाने के उद्देश्य की जांच की जा रही है।
मामले की जांच के लिए एएसपी राकेश पंद्रो भी नामली थाने पहुंचे। उन्होंने बताया कि नोटों की गिनती जारी है। गिनती पूरी होने के बाद बरामद रकम और मामले से जुड़ी अन्य जानकारी सामने रखी जाएगी।
फिलहाल पुलिस की कार्रवाई और नोटों की गिनती पूरी होने के बाद ही साफ होगा कि कार से बरामद नकदी की वास्तविक रकम कितनी है और इसका स्रोत क्या है।

By V meena

You missed

error: Content is protected !!