रतलाम (IVNEWS)। जावरा औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए चोरी गई चार मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस ने इन बाइक को लाखाखेड़ी कंजर डेरा के पास बनी खाइयों में झाड़ियों के बीच छिपाकर रखा हुआ पाया। बरामद चारों मोटरसाइकिलों की कुल कीमत करीब 2 लाख 85 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस अब चोरी की वारदातों में शामिल अज्ञात आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
दो अलग-अलग गांवों से चोरी हुई थीं बाइक
पुलिस के अनुसार 17-18 अगस्त 2026 की मध्यरात्रि ग्राम केरवासा से दो मोटरसाइकिलें चोरी हुई थीं। इसके बाद 23-24 अगस्त की मध्यरात्रि ग्राम उपलई से भी दो मोटरसाइकिलें अज्ञात बदमाश चोरी कर ले गए थे। दोनों मामलों में फरियादियों ने जावरा औद्योगिक क्षेत्र थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी।
मामलों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार (भा.पु.से.) ने आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी की गई संपत्ति की बरामदगी के लिए लगातार निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार एवं नगर पुलिस अधीक्षक युवराजसिंह चौहान के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रकाश गड़रिया के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग
जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में कुछ संदिग्ध कंजर समुदाय के लोगों जैसे हुलिए के नजर आए। इसके बाद पुलिस ने ग्राम टोकड़ा, लाखाखेड़ी कंजर डेरा और राजस्थान की ओर जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की बारीकी से जांच की।
जांच और मिले सुरागों के आधार पर पुलिस टीम ने 26 एवं 27 अगस्त 2026 को लाखाखेड़ी कंजर डेरा क्षेत्र में दबिश देकर सर्चिंग की। इस दौरान डेरा के पास बनी खाइयों में झाड़ियों के बीच छिपाकर रखी गई चारों चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कर ली गईं।
ये चार मोटरसाइकिलें हुईं बरामद
पुलिस ने मौके से निम्न चार मोटरसाइकिलें बरामद कीं—
हीरो सुपर स्प्लेंडर — क्रमांक MP 43 EH 1377
हीरो स्प्लेंडर प्लस — क्रमांक MP 43 ZL 7048
एसपी साइन — क्रमांक MP 43 ZB 4020
होंडा साइन नई मोटरसाइकिल — इंजन नंबर JC85ED4501948, चेसिस नंबर ME4JC85MHTD174380
बरामद चारों मोटरसाइकिलों की कुल कीमत करीब ₹2,85,000 है।
आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार चारों मोटरसाइकिलों को कब्जे में लेकर संबंधित प्रकरणों में शामिल किया गया है। वारदात में शामिल अज्ञात आरोपियों की पहचान के लिए जांच जारी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
इनकी रही विशेष भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रकाश गड़रिया, उपनिरीक्षक मोहम्मद अय्यूब खान, उपनिरीक्षक रावजी डामोर, प्रधान आरक्षक शिवपालसिंह, प्रधान आरक्षक धीरेन्द्रसिंह, आरक्षक भूपेन्द्रसिंह, आरक्षक कारूलाल, आरक्षक कुलदीप पाटीदार, आरक्षक गोपाल, आरक्षक रविन्द्रसिंह एवं आरक्षक शादाब बेग की विशेष भूमिका रही।

By V meena

You missed

error: Content is protected !!