रतलाम/आलोट, ( ivnews ) जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आलोट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एमडी ड्रग्स तैयार करने में उपयोगी बताए जा रहे 2-ब्रोमो-4 मिथाईल प्रोपीफिनेन केमिकल के 110.140 किलोग्राम को जब्त किया है। कार्रवाई एनसीबी जोन इंदौर के अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ संयुक्त रूप से की गई।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण विवेक कुमार लाल और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस पल्लवी गौर के मार्गदर्शन में आलोट पुलिस को मुखबिर से केमिकल की खेप आने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने ट्रांसपोर्ट से लेकर वेल्डिंग दुकान तक जांच-पड़ताल करते हुए केमिकल के दोनों ड्रम बरामद किए।
दो ड्रम में मिला 110 किलो से अधिक केमिकल
पुलिस के मुताबिक 25 अगस्त 2026 को मिली मुखबिर सूचना पर एनसीबी जोन इंदौर की टीम को साथ लेकर कार्रवाई की गई। सूचना थी कि आलोट में एमडी ड्रग्स तैयार करने में उपयोगी केमिकल के दो ड्रम आने वाले हैं।
जांच के दौरान श्री श्याम ट्रांसपोर्ट आलोट के संचालक विजय पिता कृष्णगोपाल पुरोहित द्वारा दी गई जानकारी तथा हम्माल जगदीश पिता रामलाल धनगर के बताए अनुसार ड्रमों को नीरज पांचाल की वेल्डिंग दुकान पर रखवाए जाने की जानकारी सामने आई।
इसके बाद पुलिस ने नीरज पांचाल की निशादेही में उसकी वेल्डिंग दुकान के सामने रखे दोनों ड्रमों की तलाशी ली। एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों का पालन करते हुए पुलिस ने केमिकल को जब्त कर लिया।
55.140 और 55 किलो के दो ड्रम जब्त
पुलिस ने दो नीले ड्रमों से कुल 110.140 किलोग्राम 2-ब्रोमो-4 मिथाईल प्रोपीफिनेन केमिकल बरामद किया। इनमें एक ड्रम में 55.140 किलोग्राम और दूसरे में 55.000 किलोग्राम केमिकल पाया गया।
पुलिस ने मामले में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध थाना आलोट में अपराध क्रमांक 446/2026 दर्ज कर धारा 27-क एवं 30 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण कायम किया है। मामले की विवेचना जारी है और पुलिस अब इस केमिकल की सप्लाई तथा इसके पीछे जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है।

पुलिस-एनसीबी टीम की सराहनीय भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक योगेश पाटीदार, प्रधान आरक्षक राहुल राठौर, आरक्षक सुनील, शुभम भाटी, लोकेन्द्र शर्मा एवं चालक आरक्षक अनिल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वहीं, एनसीबी इंदौर जोन की ओर से उपनिरीक्षक हर्षित सोनी एवं आरक्षक ईबर चन्दाना का भी कार्रवाई में सराहनीय योगदान रहा।
पुलिस का कहना है कि अवैध मादक पदार्थों के निर्माण और तस्करी से जुड़े नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

By V meena

You missed

error: Content is protected !!