
रतलाम ( ivnews ) मुंबई-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन महिलाओं समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। हादसे में एक 3 वर्षीय बालिका और 10 वर्षीय बालक के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है। यह सभी एक हीं परिवार के होकर खाटू श्याम के दर्शन करने जा रहे थे. हादसे की वजह सामने खडे ट्रक को ओवर ट्रेक करने के दौरान कार चालक की लापरवाही बताई जा रही है

जानकारी के अनुसार, हादसा रात करीब 11:30 बजे शिवगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम रजलिया पाड़ा गांव के पास हुआ। बताया जा रहा है कि झाबुआ जिले के पारा कस्बे से सभी लोग कार में सवार होकर झाबुआ से रतलाम की ओर आ रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई और सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई।

हादसे में मौके पर गई चार जानें
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में तीन महिलाएं और एक पुरुष शामिल बताए जा रहे हैं। वहीं कार में सवार पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही शिवगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से दुर्घटनाग्रस्त कार से घायलों को बाहर निकाला गया और उपचार के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
पुलिस जांच में जुटी
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी में कार की तेज गति को हादसे की वजह बताया जा रहा है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगा।
शिवगढ़ पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
