
रतलाम, (ivnews ) । मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया शुक्रवार को रावटी स्थित सांदीपनि विद्यालय पहुंचे। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर का अंदाज उस समय बिल्कुल शिक्षक जैसा नजर आया, जब वे सीधे कक्षा में पहुंचे और बच्चों के साथ बैठकर पढ़ाई-लिखाई पर संवाद शुरू कर दिया।

कक्षा चौथी में पहुंचकर कलेक्टर ने विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई और पाठ्यपुस्तकों को लेकर चर्चा की। इसके बाद उन्होंने बच्चों से भाग (डिवीजन) के सवाल पूछे और ब्लैकबोर्ड पर गणित के प्रश्न लिखकर विद्यार्थियों से उन्हें हल करवाया। बच्चों ने भी पूरे उत्साह के साथ सवालों के जवाब दिए। सही उत्तर देने वाले विद्यार्थियों की कलेक्टर ने सराहना करते हुए उनका उत्साह बढ़ाया।
पांचवीं कक्षा में भी लगाए गणित के सवाल
इसके बाद कलेक्टर कक्षा पांचवीं में पहुंचे। यहां भी उन्होंने विद्यार्थियों से गणित के अलग-अलग प्रश्न पूछे और ब्लैकबोर्ड पर स्वयं सवाल लिखकर बच्चों को हल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने गणित के सवालों को सरल और सहज तरीके से हल करने की विधि भी समझाई।
कलेक्टर श्री कटेसरिया ने विद्यार्थियों से कहा कि नियमित पढ़ाई के साथ जिज्ञासा बनाए रखें और किसी भी विषय को समझने में कठिनाई हो तो सवाल पूछने से पीछे न हटें। उन्होंने बच्चों को गणित को रटने के बजाय उसे समझकर सीखने के लिए प्रेरित किया।
शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर जोर
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यालय के शिक्षकों से भी चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बुनियादी गणितीय दक्षता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
कलेक्टर के बच्चों के बीच पहुंचकर उनसे सीधे संवाद करने और गणित पढ़ाने के अंदाज ने विद्यार्थियों में खासा उत्साह दिखाई दिया।
इस दौरान सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, सैलाना एसडीएम श्री जायसवाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
