
रतलाम ( ivnews ) मध्य प्रदेश पटवारी संघ द्वारा अपनी वर्षों से लंबित न्यायोचित मांगों के निराकरण की मांग को लेकर आज से पूरे प्रदेश में अनिश्चितकालीन हड़ताल प्रारंभ कर दी गई है। इसी क्रम में जिला शाखा रतलाम के समस्त पटवारीगण अपनी अपनी तहसील में बस्ते जमा कर गुलाब चक्कर, रतलाम पर धरना-प्रदर्शन कर शासन का ध्यान अपनी मांगों की ओर आकर्षित कर रहे हैं।
संघ का कहना है कि विगत कई वर्षों से शासन के समक्ष विभिन्न माध्यमों से अपनी समस्याओं एवं मांगों को लगातार रखा जाता रहा है, किंतु आज तक उनका संतोषजनक समाधान नहीं किया गया। विवश होकर प्रदेशभर के पटवारियों को आंदोलन का मार्ग अपनाना पड़ा है।

पटवारी संघ की प्रमुख मांगें—–
• पटवारियों के लिए कैडर रिव्यू लागू कर पदोन्नति एवं समयमान वेतनमान का लाभ प्रदान किया जाए।
• नायब तहसीलदार की विभागीय परीक्षा शीघ्र आयोजित की जाए, जो लंबे समय से लंबित है।
• पटवारियों को उनके कार्य की प्रकृति को देखते हुए जज प्रोटेक्शन एक्ट के दायरे में शामिल किया जाए।
• विभिन्न योजनाओं एवं शासकीय कार्यों से संबंधित वर्षों से लंबित वित्तीय भुगतानों का शीघ्र भुगतान किया जाए।
• संघ के पदाधिकारियों के नियम विरुद्ध स्थानांतरण निरस्त किए जाएं तथा कर्मचारी हितों के अनुरूप स्थानांतरण नीति का पालन सुनिश्चित किया जाए।
रतलाम जिला पटवारी संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि यह आंदोलन किसी व्यक्तिगत हित के लिए नहीं, बल्कि राजस्व व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ एवं कर्मचारियों के न्यायोचित अधिकारों की प्राप्ति के लिए किया जा रहा है। शासन यदि शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर मांगों का निराकरण नही करता है, जब तक आंदोलन जारी रहेगा।
धरना-प्रदर्शन के दौरान जिले के बड़ी संख्या में पटवारी उपस्थित रहे और उन्होंने एकजुट होकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की। संघ ने प्रदेश सरकार से अपील की है कि कर्मचारियों की वर्षों से लंबित मांगों का शीघ्र निराकरण कर राजस्व व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने हेतु आवश्यक कदम उठाए जाएं।
