
रतलाम (ivnews)। जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रतलाम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 100 ग्राम एम.डी. ड्रग्स के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 10 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक स्कूटी भी जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल एवं एसडीओपी जावरा संदीप मालवीय के मार्गदर्शन में थाना रिंगनोद और ढोढर चौकी पुलिस ने 1 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर मोरिया रोड ढोढर स्थित तहसील कार्यालय के सामने घेराबंदी कर कार्रवाई की। इस दौरान वसीम उर्फ बना (30), निवासी जनता कॉलोनी, जावरा को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में उसके कब्जे से 100 ग्राम एम.डी. ड्रग्स बरामद हुई।
पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मोहम्मद शमी (29), निवासी महावीर कॉलोनी, जावरा को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस दोनों आरोपियों से एम.डी. ड्रग्स के स्रोत, सप्लाई नेटवर्क और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
