
रतलाम, ( ivnews ) करमदी रोड क्षेत्र में बिहार से विवाह कर रतलाम लाई गई 23 वर्षीय युवती की मौत हो गई. शादी के महज पांचवें दिन रात में मकान की छत से रस्सी के सहारे नीचे उतरकर जाने की कोशिश मे करीब 25 फीट की ऊंचाई से गिरने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। बताया जाता है की युवती का विवाह दलालों के माध्यम से 2.60 लाख रुपए में हुआ था. पुलिस विवाह की प्रक्रिया की भी जांच मे जुट गई.
करमदी रोड निवासी 45 वर्षीय मुकेश पिता रामचंद्र वेल्डिंग का काम करते हैं। मुकेश ने बताया की बड़नगर क्षेत्र के भेसला कलां निवासी मोहन नामक व्यक्ति के माध्यम से बिहार के रोहतास जिले के करवंदिया गांव निवासी 23 वर्षीय संध्या पिता नंदलाल चौधरी से विवाह तय हुआ था। पहले साढ़े तीन लाख रुपए की मांग की गई थी, बाद में 2.60 लाख रुपए में बात तय हुई। 26 जुलाई को बिहार के ताज मैरिज गार्डन में दोनों का विवाह हुआ और 27 जुलाई को वह अपनी पत्नी को रतलाम लाया था ।
मुकेश के अनुसार 30 जुलाई की रात दोनों दूसरी मंजिल के कमरे में सोए थे, जबकि उनकी मां नीचे सो रही थीं। रात करीब दो बजे नींद खुली तो पत्नी कमरे में नहीं थी। पहले लगा कि वह वॉशरूम गई होगी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर पड़ोसियों को बुलाया गया। मकान के पीछे जाकर देखा तो उसकी पत्नी संध्या रेत के ढेर पर अचेत अवस्था में पड़ी थी। सूचना पर पुलिस पहुंची, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि संध्या रात में तीसरी मंजिल की छत पर पहुंची और वहां रखी मचान बांधने वाली पुरानी नारियल की रस्सी को दोहरा कर नीचे उतरने लगी। करीब 10 फीट नीचे पहुंचते ही जर्जर रस्सी बीच से टूट गई, जिससे वह सिर के बल नीचे आंगन में रखे रेत के ढेर पर गिरी। गंभीर अंदरूनी चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना की सूचना मिलने पर एफएसएल अधिकारी डॉ. अतुल मित्तल और सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
मृतका के परिजनों को घटना की सूचना दी गई, लेकिन बताया गया कि वे बिहार से रतलाम आने के लिए तैयार नहीं हुए। वहीं, परिवार का आरोप है कि जब बिहार के मुख्य दलाल राजेश से संपर्क कर परिजनों को बुलाने का आग्रह किया गया तो वह पहले टालमटोल करता रहा और बाद में फोन करने पर सल्फास खाकर आत्महत्या करने की धमकी देने लगा।
पुलिस अब केवल हादसे की परिस्थितियों की ही नहीं, बल्कि विवाह कराने वाले दलालों की भूमिका और पूरे विवाह के लेन-देन की भी जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर सभी पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है।
