रतलाम | IV News
जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रतलाम पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 1 किलोग्राम एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग्स के साथ एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) विवेक कुमार लाल एवं एसडीओपी जावरा संदीप मालवीय के मार्गदर्शन में थाना रिंगनोद प्रभारी निरीक्षक आनंद सिंह आजाद के नेतृत्व तथा चौकी प्रभारी उप निरीक्षक रघुवीर जोशी एवं पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
मुखबिर की सूचना पर हुई घेराबंदी
पुलिस के अनुसार, 25 जून 2026 को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति बरखेड़ी फंटा, महू-नीमच फोरलेन हाईवे (ढोढर क्षेत्र) से अवैध एमडी ड्रग्स लेकर गुजरने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों का पालन करते हुए मौके पर घेराबंदी की और संदिग्ध को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 1000 ग्राम (1 किलो) एमडी ड्रग्स बरामद हुई। पुलिस ने मादक पदार्थ को विधिवत जब्त कर आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
राजस्थान का रहने वाला है आरोपी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान युनुस पिता नियामत खान पठान (52 वर्ष) निवासी ग्राम कोटड़ी, थाना कोटड़ी, जिला प्रतापगढ़ (राजस्थान) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में आरोपी के अंतरराज्यीय ड्रग्स तस्करी नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस उससे पूछताछ कर नेटवर्क के अन्य सदस्यों और सप्लाई चेन की जानकारी जुटा रही है।
एक करोड़ रुपये की ड्रग्स जब्त
बरामद मादक पदार्थ: 1 किलोग्राम (1000 ग्राम) एमडी ड्रग्स
अनुमानित कीमत: ₹1,00,00,000 (एक करोड़ रुपये)
इन अधिकारियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक आनंद सिंह आजाद, उप निरीक्षक रघुवीर जोशी, उप निरीक्षक राजेश मालवीय, सहायक उप निरीक्षक अशोक चौहान, प्रधान आरक्षक सुधीर सिंह राठौर, हर्षवर्धन सिंह जगावत, आरक्षक राधेश्याम चौहान, नरेंद्र सिंह जगावत, रविंद्र सिंह चौहान, शोभाराम शर्मा, सैनिक छत्रपाल सिंह तथा साइबर सेल रतलाम की टीम की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

By V meena

error: Content is protected !!