
रतलाम (IV News) रतलाम जिले की पिपलोदा पुलिस ने साधु के वेश में घरों में घुसकर झाड़-फूंक और भूत-प्रेत का डर दिखाकर चोरी करने वाले चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात और चोरी में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। गिरफ्तार आरोपियों में एक आरोपी राजस्थान का निवासी बताया गया है।
भूत-प्रेत का डर दिखाकर रची चोरी की साजिश
पुलिस के अनुसार ग्राम पंचेवा निवासी कारीबाई भील ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 21 मई 2026 को चार युवक साधु के वेश में उनके घर पहुंचे। आरोपियों ने गेहूं और चावल की भिक्षा मांगते हुए कहा कि घर में भूत-प्रेत का साया है और वे झाड़-फूंक कर उसे दूर कर सकते हैं।
इसके बाद आरोपियों ने घर में चावल और गेहूं की ढेरी लगवाई और पूजा-पाठ का नाटक शुरू कर दिया। उन्होंने परिवार से कहा कि जिसने भी जेवर पहन रखे हैं, वे उतारकर ढेरी पर रख दें। इसी दौरान फरियादिया की पुत्री चेतना ने अपना सोने का मंगलसूत्र, चांदी की पायल और चांदी की चेन उतारकर ढेरी पर रख दी।
आरोपियों ने चालाकी से जेवरात को गेहूं की ढेरी में छिपा लिया और परिवार को थोड़ी दूरी पर बैठा दिया। इसी बीच फरियादी के छोटे बेटे को बहाने से श्मशान घाट की ओर ले जाकर कुछ दूरी पर छोड़ दिया और आरोपी मोटरसाइकिल से फरार हो गए। बाद में परिवार ने देखा तो जेवरात गायब थे।

पुलिस ने ऐसे दबोचे आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल, एसडीओपी संदीप मालवीय एवं थाना प्रभारी रमेश कोली के नेतृत्व में टीम गठित की गई। चौकी प्रभारी सुखेड़ा उपनिरीक्षक राजू मखोड के नेतृत्व में पुलिस टीम ने हुसैन टेकरी जावरा क्षेत्र से चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपियों ने चोरी करना स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गया एक सोने का मंगलसूत्र, एक जोड़ी चांदी की पायल, एक चांदी की चेन तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक MP 14 NE 5466 और एक बिना नंबर की स्प्लेंडर प्लस बाइक जब्त की।

गिरफ्तार आरोपी
विजय पिता प्रहलाद राव निवासी ठिकरिया, जिला प्रतापगढ़ (राजस्थान)
लखन पिता मांगीलाल राव निवासी दलोदा, जिला मंदसौर
भोला पिता शोभाराम राव निवासी गुलियाना, जिला मंदसौर
कन्हैयालाल उर्फ नरेन्द्र पिता गोवर्धन महाराज राव निवासी दलोदा, जिला मंदसौर
जब्त मशरुका
सोने का मंगलसूत्र
चांदी की पायल
चांदी की चेन
दो मोटरसाइकिल
कुल कीमत करीब 90 हजार रुपए
अहम भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी रमेश कोली, उपनिरीक्षक राजू मखोड, सहायक उपनिरीक्षक मोहनलाल गुजराती, आरक्षक विजयपाल सिंह, प्रेम मीणा, जितेंद्र माली एवं कारूसिंह सोलंकी की सराहनीय भूमिका रही।
